सीवान : बिहार के सीवान की धरती मेधा एवं प्रतिभाओं की धरती रही है. यहां के खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में काफी अग्रसर हैं. पुरुष से लेकर महिला खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहे हैं. यहां के खिलाड़ी सीवान ही नहीं बल्कि बिहार और भारत का नाम भी रोशन कर रहे हैं. सीवान जिले की कई ऐसी बेटियां हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टीमों में भारत और बिहार का प्रतिनिधित्व कर अपनी कामयाबी की राह प्रशस्त कर चुकी हैं. इसी कड़ी में जिला की एक और बेटी का चयन राष्ट्रीय सब जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है. वह बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करेगी.
बिहार राज्य कबड्डी संघ के द्वारा आयोजीत राष्ट्रीय सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बिहार की संभावित बालिका कबड्डी टीम में सीवान की रेखा यादव का चयन हुआ है. 4 अगस्त तक चलने वाले प्रशिक्षण सत्र में रेखा यादव भी ट्रेनिंग ले रही हैं. वहीं पूरे बिहार से 25 खिलाड़ियों का इस प्रशिक्षण शिविर में चयन किया गया है. इस प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बिहार टीम में चयन होगा. बता दें कि रेखा यादव जिले के जीरादेई प्रखंड अंतर्गत रुइया बंगरा गांव की रहनेवाली हैं और वे नरेन्द्रपुर स्थित परिवर्तन संस्थान में प्रशिक्षण लेती हैं.
खेल प्रेमी खुश
परिवर्तन संस्थान के कबड्डी प्रशिक्षक अभिमन्यु सिंह ने बताया कि चयन प्रतियोगिता मधेपुरा जिले में आयोजित हुई, जिसमें रेखा का चयन हुआ था. वहीं अब प्रशिक्षण शिविर 4 अगस्त तक नंदू सिंह स्मृति कॉम्पलेक्स राजगीर रोड नालंदा में आयोजित किया गया है. यहां से ट्रेनिंग लेने के बाद उनका चयन बिहार टीम के लिए होगा. वहीं रेखा यादव के चयनित होने से जिले के सभी खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है. जिला कबड्डी संघ के सचिव मनोरंजन सिंह, रेखा के कोच और परिवर्तन के कबड्डी प्रशिक्षक अभिमन्यु सिंह एवं अन्य ने बधाई दी है.