पटना: पूरे देश में सावन माह की धूम है इसी के साथ सभी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है. ऐसे में सावन महीने की पांचवी सोमवारी पर पूरे देश और प्रदेश के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है. राजधानी पटना से सटे बिहटा के अतिप्राचीन बाबा बिटेश्वरनाथ मंदिर में सावन महीने के पांचवी सोमवारी पर सुबह से ही बाबा का जलाभिषेक और पूजा करने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.
सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती
मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के तरफ से श्रद्धालुओं को कोई समस्या ना हो इसका भी ध्यान रखा जा रहा है. मंदिर परिसर के आसपास तमाम इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है. महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग से व्यवस्था भी की गई है. बाबा के दर्शन के लिए रेल मार्ग हो या सड़क मार्ग दोनों से ही लोगो की भीड़ पहुंच रही है. पूरा इलाका भक्ति में डूबा हुआ है, हर हर महादेव का नारा लगता दिख रहा है. महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग से लाइन की व्यवस्था की गई है.
सीसीटीवी से रखी जा रही है नजर
भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की भी तैनाती की गई है और मंदिर के चारों तरफ सीसीटीवी के जरिए नजर भी रखी जा रही है. इधर पांचवी सोमवारी पर स्थानीय भक्त कार्तिक कुमार ने बताया की बाबा के दरबार में जो भी सच्चे मन से आता है और मांगता है उसकी मनोकामना पूर्ण होती है. आज सावन महीने का पांचवा सोमवार है ऐसे में सुबह दो बजे से ही श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक करने मंदिर में पहुंच रहे हैं और काफी भीड़ भी लगी हुई है.