महत्वपूर्ण सूचना: बिहार में TRE 4 के लिए अधिसूचना जारी, एक क्लिक में जानें पूरी डिटेल

पटना: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने TRE-4 के लिए अधिसूचना जारी कर दी है. इस चरण में कुल 32,388 विद्यालय अध्यापकों के पदों पर भर्ती की जाएगी.

प्राथमिक से उच्च माध्यमिक तक 32,388 पदों पर भर्ती
TRE-4 में प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं. कक्षा 1 से 5 तक के प्राथमिक विद्यालयों में विद्यालय अध्यापक के कुल 3,847 पद हैं. वहीं कक्षा 6 से 8 तक के मध्य विद्यालयों में 8,563 पदों पर नियुक्ति होगी. माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 और 10 के लिए कुल 3,877 पद निर्धारित किए गए हैं. सबसे अधिक रिक्तियां उच्च माध्यमिक विद्यालयों में हैं, जहां कक्षा 11 और 12 के लिए विद्यालय अध्यापकों के 16,101 पदों पर भर्ती की जानी है.

उच्च माध्यमिक में 22 विषयों में वैकेंसी

उच्च माध्यमिक स्तर पर कुल 22 विषयों के लिए पद जारी किए गए हैं. इनमें रसायन शास्त्र में सबसे अधिक 3,695 पद हैं. इसके बाद भौतिकी में 1,758 और अंग्रेजी विषय में 1,321 पदों पर भर्ती होगी. कंप्यूटर साइंस के अभ्यर्थियों को इस बार पदों की संख्या का इंतजार था, लेकिन इस विषय में 407 पद ही जारी किए गए हैं. यानी उच्च माध्यमिक स्तर पर विषयवार वैकेंसी में काफी अंतर देखने को मिल रहा है.

मध्य विद्यालय में इन 6 विषयों में होगी भर्ती

मध्य विद्यालय यानी कक्षा 6 से 8 के लिए छह विषयों में विद्यालय अध्यापकों की नियुक्ति होगी. इनमें गणित एवं विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और उर्दू शामिल हैं. इस स्तर पर कुल 8,563 पदों पर नियुक्ति की जानी है. अभ्यर्थियों के लिए संबंधित विषय और निर्धारित शैक्षणिक एवं शिक्षक पात्रता परीक्षा की शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा.

प्राथमिक में सामान्य विषय के सबसे अधिक पद

प्राथमिक विद्यालयों में कुल 3,847 पदों में तीन विषयों के लिए रिक्तियां हैं. सामान्य विषय के लिए 3,065 पद, उर्दू के लिए 757 पद और बांग्ला विषय के लिए 25 पद निर्धारित किए गए हैं. इस तरह प्राथमिक स्तर पर सामान्य विषय में सबसे ज्यादा नियुक्तियां होंगी, जबकि बांग्ला विषय में पदों की संख्या सबसे कम है.

35 फीसदी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित

BPSC ने TRE-4 की अधिसूचना में आरक्षण को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है. आरक्षण का लाभ केवल बिहार के मूल निवासी अभ्यर्थियों को ही देय होगा. इसके साथ ही प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के सभी वर्गों में प्रत्येक विषय की रिक्तियों में 35 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी. अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय आरक्षण से संबंधित नियमों और पात्रता शर्तों का ध्यान रखना होगा.

आवेदन और शुल्क की तारीख अलग-अलग
TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन और फॉर्म भरने की शुरुआत 25 सितंबर 2026 से होगी. अभ्यर्थी 26 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे. वहीं आवेदन शुल्क के भुगतान की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 है. आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में दी गई पात्रता, विषयवार पद, आरक्षण और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ लें. आवेदन प्रक्रिया BPSC की आधिकारिक वेबसाइट http://www.bpsc.bihar.gov.in के माध्यम से ही पूरी की जाएगी.

अलग-अलग कक्षाओं के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा जरूरी
TRE-4 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए संबंधित स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा पास होना अनिवार्य है. प्राथमिक विद्यालय यानी कक्षा 1 से 5 के शिक्षक पद के लिए CTET Paper-1 उत्तीर्ण होना जरूरी है. मध्य विद्यालय यानी कक्षा 6 से 8 के लिए CTET Paper-2 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. माध्यमिक विद्यालय कक्षा 9 और 10 के लिए STET Paper-1 तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय कक्षा 11 और 12 के लिए STET Paper-2 उत्तीर्ण होना जरूरी है.

वेतनमान और पदों की संख्या में बदलाव संभव

TRE-4 में चयनित विद्यालय अध्यापकों के लिए मूल वेतनमान 32,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है. इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से निर्धारित अन्य भत्ते भी देय होंगे. BPSC ने यह भी स्पष्ट किया है कि संबंधित अध्याची विभाग से प्राप्त अधियाचना में यदि किसी प्रकार का संशोधन होता है तो प्रकाशित रिक्तियों की संख्या में कमी या बढ़ोतरी हो सकती है. इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से जारी होने वाली जानकारी और आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित अपडेट को ही मान्य मानना होगा.

ये भी पढ़ें :-

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading