पटना: बिहार के बिदुपुर में बने नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम से पहले स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ सुरक्षाकर्मियों द्वारा धक्का दिए जाने का मामला गरमाता जा रहा है. आरजेडी ने जहां इसे निशांत का अपमान बताया था, वहीं जेडीयू ने भी नाराजगी जताई थी. इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निशांत से मुलाकात की है. एसएसजी ने जांच में घटना को मानवीय भूल बताया है.

निशांत से मिले सम्राट चौधरी
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और घटना को लेकर चर्चा तेज होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निशांत कुमार के आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की. दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. सीएम का स्वास्थ्य मंत्री के आवास पहुंचना इस घटनाक्रम के बाद काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इस मुलाकात के बाद पूरे मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा और तेज हो गई है. हालांकि एसएसजी की जांच में घटना को मानवीय भूल बताया गया है लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल के पालन को लेकर सवाल उठे हैं.

एसएसजी ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति
मामले के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई. विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल के सुरक्षा कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाने की घटना सोशल मीडिया पर प्रचारित की जा रही है.
नीतीश सेतु के उद्घाटन से ठीक पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने कार्यक्रम की तैयारियों के बीच प्रशासनिक और राजनीतिक चर्चा को भी बढ़ा दिया है. अब 21 नवंबर को प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल पर विशेष नजर रहेगी.

21 नवंबर को पीएम करेंगे उद्घाटन
बिदुपुर में निर्मित नीतीश सेतु का उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी के द्वारा किया जाना प्रस्तावित है. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी क्रम में पिछले दिनों बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पुल के उद्घाटन कार्यक्रम और तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे थे. मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सुरक्षा दल के जवान भी तैनात थे.

इसी निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ सुरक्षा कर्मियों द्वारा धक्का देने की घटना सामने आई थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा और लोगों के बीच इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
