‘ऐसी सिस्टम बने, जिससे बाढ़ ना आए..’, बिहार पहुंचे सोनू सूद ने पीड़ितों में बांटी राहत सामग्री

बेगूसराय: बिहार में बाढ़ के बीच बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद बेगूसराय पहुंचे. उन्होंने मटिहानी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. सोनू सूद ने वहां ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी परेशानियां सुनीं. सोनू सूद चैरिटी फाउंडेशन की ओर से बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया.

प्रभावित इलाकों का दौरा

सोनू सूद ने बेगूसराय के मटिहानी प्रखंड के रामदीरी स्थित महाजी का दौरा किया. उन्होंने पथलाटोल समेत आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों को भी देखा. उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया. इस दौरान उन्होंने बाढ़ से पैदा हुई समस्याओं और उनकी जरूरतों की जानकारी ली.

हरसंभव मदद का भरोसा

इस दौरान सोनू सूद ने बाढ़ पीड़ित परिवारों की स्थिति को करीब से देखा. उन्होंने लोगों की परेशानियां सुनीं. उन्होंने लोगों को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया. इसके बाद सोनू सूद अपनी चैरिटी फाउंडेशन के कार्यक्रम में पहुंचे. फाउंडेशन की ओर से राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था. पटला टोल में ग्रामीणों के बीच राहत सामग्री बांटी गई.

सोनू सूद का सरकार से आग्रह

मीडिया से बातचीत करते हुए अभिनेता ने कहा कि यहां के लोगों ने बताया कि बेगूसराय में बाढ़ पीड़ित तकलीफ में हैं, इसलिए मैं मदद करने के लिए आ गया. सबसे बड़ी बात है कि इन लोगों को तकलीफ होनी ही नहीं चाहिए. मैं सरकार से विनती करूंगा कि आप बहुत कमाल का काम कर रहे हैं. “इन बाढ़ पीड़ितों के लिए कुछ और भी करें. ऐसा सिस्टम बनने चाहिए, जिससे हर साल इन परिवारों को डूबना ना पड़े.”

‘ईश्वर ने इस काम के लिए चुना’

मीडिया ने सवाल किया कि, जब-जब बाढ़ आयी हो या फिर कोरोना काल हो, आप मदद के लिए आगे आए हैं. इसपर सोनू सूद ने कहा कि इसके लिए हमें ईश्वर ने चुना है. जहां, जब जरूरत होती है, वहां मैं पहुंच जाता हूं. आज मैंने गांवों में जाकर महसूस किया कि कैसे छोटे-छोटे बच्चों के खाने के लिए कुछ नहीं है. तकलीफें बहुत हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading