बिहार कांग्रेस में एक बार फिर से घमासान मच गया है। वैशाली जिले के राजापाकर से विधायक प्रतिमा दास ने बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास पर जाति और लिंग के आधार पर भेदभाव करने के आरोप लगाए हैं। प्रतिमा दास अभी दिल्ली में हैं। उन्होंने आलाकमान से भक्त चरण की शिकायत करने की भी बात कही है। प्रतिमा का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दलित और महिला विरोधी हैं। वे दलितों की हत्या तक करवाना चाहते हैं।
कांग्रेस विधायक प्रतिमा दास ने प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास पर गंभीर आरोप लगाए। प्रतिमा ने कहा कि भक्त चरण दास फर्जी दलित हैं। जो लोग उनकी चाकरी करते हैं, उनके आगे-पीछे घूमते हैं, उन्हें ही वे पार्टी गतिविधियों के बारे में बताते हैं। वे नेताओं से भेदभाव भी करते हैं। प्रतिमा दास ने कहा कि वे अभी दिल्ली में हैं और आलाकमान के सामने यह मुद्दा उठाएंगी।

प्रतिमा दास के बयान से बिहार का सियासी पारा गर्मा गया है। कांग्रेस में अंतर्कलह के सुर उठने लगे हैं। अंदरखाने से खबर ये भी है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास के बीच भी तनातनी चल रही है। दोनों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के गठन को लेकर दोनों नेताओं ने अलग-अलग नाम आलाकमान को दिए हैं। ऐसे में विवाद होने के कयास लगाए जा रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में गुरुवार को दिल्ली में आयोजित बिहार के कांग्रेस नेताओं की बैठक भी स्थगित कर दी गई है।