बिहार : अगर आप बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2024 में भाग लेने वाले हैं और रजिस्ट्रेशन कराने से चूक गए हैं तो टेंशन लेने की कोई बात नहीं है. बिहार बोर्ड ने ऐसे विद्यार्थियों को एक और मौका दिया है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने रजिस्ट्रेशन से छूटे हुए विद्यार्थियों को ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन उनके शिक्षण संस्थान द्वारा किये जाने के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा अंतिम अवसर प्रदान किया गया है. इसके साथ ही इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा-2024 के लिए रजिस्ट्रेशन कराए हुए विद्यार्थियों का ऑनलाईन परीक्षा फॉर्म उनके शिक्षण संस्थानों के प्रधान द्वारा फॉर्म भरा जाएगा.
इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा-2024 के लिए जिन विद्यार्थियों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया उनको अन्तिम मौका दिया गया है. ऐसे विद्यार्थी 18 सितंबर तक अपने स्कूल या कॉलेज में जाकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. ध्यान रहे बोर्ड ने यह अन्तिम अवसर दिया गया है. इसके साथ हीं जिन विद्यार्थियों ने पहले से ही रजिस्ट्रेशन करवा लिया है और जो 18 सितंबर तक करवा लेंगे वो सभी विद्यार्थी 22 सितंबर तक अपने स्कूल या कॉलेज में जाकर परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं.
इस दिन तक कराएं रजिस्ट्रेशन
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों के प्रधान अपने संस्थान के छूटे हुए विद्यार्थियों का ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन हर हाल में 18 सितंबर तक विलंब शुल्क के साथ कराना सुनिश्चित करेंगे. उसके बाद रजिस्ट्रेशन कराए हुए विद्यार्थियों का ऑनलाईन परीक्षा फॉर्म 22 सितंबर तक भरेंगे.

इस नम्बर पर करें कॉल
विलम्ब शुल्क के साथ रजिस्ट्रेशन और परीक्षा फ़ॉर्म भरने के लिए स्कूल या कॉलेज में जाना होगा. जरुरी डॉक्यूमेंट पेश करने के बाद स्कूल की तरफ से दो फॉर्म दिया जाएगा. इन दो फॉर्म को भरने के बाद एक स्कूल में जमा हो जाएगी और दुसरी विद्यार्थी के पास रहेगी. आपको बता दें कि इस प्रक्रिया के लिए स्कूल या कॉलेज में अलग से काउंटर बनाया जायेगा. ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा करने में किसी प्रकार की सहायता के लिए हेल्पलाईन नंबर 0612-2230039 पर संपर्क किया जा सकता है.