पटना. विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने फिर एक बार हुंकार भरते हुे कहा है कि निषाद पीएम और सीएम बना सकता है तो हटा भी सकता है. अपनी 100 दिवसीय निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा के क्रम में बिहार के कटिहार पहुंचे सहनी ने समर्थकों से हाथों में गंगाजल देकर वीआईपी का साथ देने का संकल्प करवाया और लोगों से अपने वोट की ताकत पहचानने की अपील की.
गुरुवार को कटिहार ओवर ब्रिज के पास से यात्रा शुरू करते हुए यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए सहनी ने कहा कि आज भी अन्य लोग जब ठंड के दिनों में रजाई के नीचे सोए रहते हैं तो निषाद का बच्चा नदी के ठंडे पानी में मछली मारने उतरता है. उन्होंने कहा कि आज अगर निषादों को आरक्षण मिल जाता तो आज निषाद के बच्चे भी डाक्टर, इंजीनियर बनते. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज सरकार मंदिर बनाने का काम कर रही है, जबकि मंदिर बनाना समाज का काम है. सरकार का काम अस्पताल, स्कूल बनाना है.
मुकेश सहनी ने जनसभा में उपस्थित लोगों में जोश भरते हुए कहा कि निषादों में आज वोट की इतनी ताकत है कि वह अगर पीएम , सीएम बना सकता है तो हटा भी सकता है. उन्होंने कहा कि मुझे कुछ नहीं बस निषादों के लिए आरक्षण चाहिए, जिससे निषादों के बच्चों के चेहरे पर खुशी आ सके. उन्होंने कहा कि को हमारी सुनेगा उसकी हम भी सुनेंगे जो नहीं सुनेगा उसकी हम भी नहीं सुनेंगे.

निषाद नेता ने लोगों से सवाल किया कि आप ही बताइए कि जब दिल्ली और पश्चिम बंगाल में निषादों को आरक्षण मिल सकता है तो बिहार, यूपी और झारखंड में क्यों नहीं मिल सकता. उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह मांग नाजायज है तो सरकार बता दे. इस दौरान सहनी ने लोगों के हाथ में गंगाजल देकर पार्टी वीआईपी को साथ देने और निषादों को आरक्षण दिलाने के लिए संकल्प करवाया.