पटना : भारत और पाकिस्तान का नाम सुनते ही लोगों का उत्साह चरम पर रहता है. चाहे वो क्रिकेट का मैदान हो या जंग का मैदान. बहरहाल, आज क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होगा. एक रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम तो वहीं दूसरी तरफ बाबर आजम वाली पाकिस्तान टीम की भिड़ंत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी जो अपने आप में खास है.

स्टेडियम में लोगों की भीड़ से लेकर घरों के टीवी सेट तक लोगों के अंदर रोमांच का ज्वार फूटेगा. ऐसे में इस मैच का उत्साह पटना में भी देखने को मिलेगा. अगर आप किसी कारण वश टीवी या मोबाईल पर मैच का आंनद नहीं उठा सकते हैं तो टेंशन लेने की कोई बात नहीं है. पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने आपके लिए ऐसी व्यवस्था कर रखी है जिसकी वजह से कोई भी इस एतिहासिक मैच का गवाह बनने से चुकेगा नहीं. पटना के गांधी मैदान में लगे विशालयकाय मेगा स्क्रीन पर भी मैच का प्रसारण किया जायेगा.

गांधी मैदान पर रहेगा विशेष आकर्षण
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की तरफ से पटना के गांधी मैदान में विशालकाय स्क्रीन पर भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले का लाइव प्रसारण दिखाया जायेगा. ओपन थिएटर के तर्ज पर लगाये गए यह मेगा स्क्रीन देश का सबसे बड़ा आउटडोर स्क्रीन है. यह स्क्रीन पीवीसी सामग्री से बनी है जिसका आकार 75 फीट x 42 फीट है. इसका वजन 1200 किलोग्राम है. इस स्क्रीन को 70 फीट से 320 फीट की दूरी से भी आसानी से देखा जा सकता है.