पटना :बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित की जा रही शिक्षक भर्ती परीक्षा2.0 के तीसरे दिन प्रदेश के 555 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन हुआ. कक्षा 6 से 8 के लिए विभिन्न विषयों की परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा में लगभग 3.11 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया. काफी संख्या में उत्तर प्रदेश और झारखंड के अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. अभ्यर्थियों ने बताया कि क्वेश्चन पेपर का लेवल मॉडरेट टू टफ रहा और गणित के सवालों ने काफी परेशान किया. कुछ अभ्यर्थियों ने कहा कि गणित के सवालों के साथ-साथ केमिस्ट्री के सवालों ने भी परेशान किया.

रविवार को 151 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
बताते चलें कि शिक्षक भर्ती परीक्षा के तहत 6 दिन तक चलने वाले इस परीक्षा में कुल 841835 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. 122286 सीटों पर वैकेंसी निकली है. आयोग से मिली जानकारी के अनुसार कल रविवार 10 दिसंबर को प्रदेश के 151 परीक्षा केंद्रों पर 84,139 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. 14 दिसंबर को 184 परीक्षा केंद्रों पर 1,07,263 अभ्यर्थी और 15 दिसंबर को 184 परीक्षा केंद्रों पर 1,09, 154 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.