पटना। पटना के मसौढ़ी थानाक्षेत्र के रहमतगंज मुहल्ले में दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चलीं जिसमें एक गुट ने दिन–दहाड़े दूसरे गुट के सदस्य को गोली मार दी। जिसके विरोध में दूसरे गुट ने डीएसपी आवास का घेराव किया। इसके साथ ही आरोपित के घर पर तोड़फोड़ की। गोली से घायल युवक को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
मसौढ़ी में मंगलवार की सुबह दो गुटों के बीच हिंसक झड़प के दौरान जमकर रोड़ेबाजी और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। हालात पर काबू पाने पहुंचे थानाध्यक्ष शंभू प्रसाद सहित अन्य पुलिसकर्मियों को लोगों ने पत्थर मारकर घायल कर दिया। आक्रोश इस कदर बढ़ गया कि उग्र लोगों ने डीएसपी सोनू कुमार राय के घर पर भी हमला बोल दिया।
सूचना पर पहुंचे सिटी एसपी राजेंद्र कुमार भील की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी। दोनों गुटों के लोग वाट्सएप और फेसबुक पर मैसेज वायरल कर झड़प को उग्र रूप देने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवा बंद कर दी है।
सेंट्रल रेंज के डीआइजी राजेश कुमार ने बताया कि दोपहर साढ़े बारह बजे स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है। एसएसपी और डीएम इलाके में कैंप कर रहे हैं। कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मसौढ़ी में एक टोले के लोगों ने दूसरे मोहल्ले में घुसकर एक युवक की हत्या कर दी। उसके समर्थन में दूसरे इलाके से दर्जनों की संख्या में लोग पहुंच गए और अभियुक्तों के टोले में घुसकर रोड़ेबाजी और फायङ्क्षरग करने लगे। गोलियों की तरतराहट से इलाके में अफरा–तफरी मच गई।
चीख–पुकार की आवाजें आने लगीं। विरोधी भी असलहे लेकर सड़क पर उतर गए। घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है। बताया जाता है कि वारदात की सूचना के दो घंटे बाद पुलिस पहुंची थी, जिसके कारण हालात बेकाबू हो गया।