बिहार: बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के अयोध्या टोल ठाकुरबाड़ी मैदान में रविवार को जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पदयात्रा के दौरान लोगों से संवाद की। उन्होंने कहा कि आपके वोट में बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आप अपने वोट को नाली-गली, जाति पार्टी के आधार पर बर्बाद मत कीजिए। वोट का सदुपयोग कीजिए। उन्होंने ने कहा कि आपके घर के जवान बच्चे जीवन भर रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में रहते हैं। छठ, ईद, दिवाली, होली के मौके पर भी घर आने की शायद ही उन्हें छुट्टी मिलती है।

गरीबी बदहाली में बच्चों को भी जीना पड़ेगा- प्रशांत किशोर
उन्होंने कहा कि वह ये पदयात्रा कर रहे हैं, पैदल-पैदल गांव-गांव में जाकर लोगों को एक ही बात बता रहे हैं। अभी से भी जागीये, अपने लिए नहीं, तो कम से कम अपने बच्चों के लिए। प्रशांत किशोर ने कहा कि अपने बच्चों के लिए, शिक्षा एवं रोजगार के लिए वाेट दीजिए। उन्होंने कहा कि नाली, गली, जाति-धर्म के नाम पर वोट करते रहिएगा तो एक प्रशांत किशोर आएं या 10, जिस गरीबी बदहाली में आपकी जिंदगी बीती है, उसी गरीबी बदहाली में आपके बच्चों को भी जीना पड़ेगा।

वहीं, अपने जनसुराज के बारे में बताते हुए कहा कि जनसुराज समाज की मदद से एक नई राजनीतिक व्यवस्था का अभियान है। उन्होंने कहा कि यह दल बनेगा, लेकिन प्रयास यह है कि इसे अच्छे लोगों के साथ मिलकर बनाया जाए। यह इसलिए क्योंकि आगे चलकर मौका मिले तो वह बिहार को परिवर्तित कर सकें। उन्होंने कहा कि दल बनेगा, लेकिन इस योजना के साथ बनेगा ताकि बिहार को अगले 10 सालों में अग्रणी राज्यों में शामिल कराया जा सके।