BPSC 68th Result 2023: बीपीएससी 68वीं परीक्षा के रिजल्ट को लेकर बड़ी अपडेट है. गौरतलब है कि बिहार लोक सेवा आयोग, BPSC ने हाल ही में 68वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के नतीजे घोषित किए थे. जिसमें आयोग ने 812 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से सफल घोषित किया था. परीक्षा में प्रियांगी मेहता ने टॉप किया था. लेकिन नतीजों में एक बड़ी गड़बड़ी सामने आई है, जिसकी जानकारी खुद बीपीएससी ने नोटिस जारी करके दी है.

दरअसल आयोग ने एक गलत उम्मीदवार को सफल घोषित कर दिया था. अपनी गलती सुधारते हुए अब बीपीएससी ने गलती से चयनित उम्मीदवार का रिजल्ट रद्द करते हुए सही उम्मीदवार को सफल घोषित किया है. इस संबंध में जारी नोटिस में बीपीएससी ने कहा है कि, दिनांक 15 जनवरी 2024 को प्रकाशित 68वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के अंतिम परिणाम में प्रखंड एससी एवं एसटी कल्याण पदाधिकारी के अंतर्गत लिपिकीय भूलवश अनुक्रमांक 358577 कुमारी विद्या कृपा मूर्ति की प्रविष्टि हो गई थी. जिनके परीक्षाफल को रद्द किया जाता है एवं अनुक्रमांक 455194, निधि सिंह को सफल घोषित किया जाता है.

पद में हुआ बदलाव
परिणाम में उपरोक्त संशोधन के बाद कई उम्मीदवारों के पूर्व में अलॉटेड सेवा अथा पद में भी बदलाव हुआ है, जिसकी सूची बीपीएससी की ओर से जारी नोटिस में साझा की गई है. आप पूरी सूची यहां नीचे चेक कर सकते हैं. इसके अलावा परिणाम संबंधी किसी अन्य जानकारी के लिए आयोग के आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bih.nic.in पर विजिट करें.