बिहार : चुनाव से ठीक पहले तेजस्वी यादव को लेकर बदले प्रशांत किशोर के सुर….

बिहार की राजनीति में इन दिनों काफी कुछ चल रहा है। एक तरफ नीतीश कुमार को लेकर अटकलबाजी हैं कि वो फिर से एनडीए के साथ जा सकते हैं, तो दूसरी ओर राजद का कहना है कि महागठबंधन एक है और सबकुछ ठीक है। वहीं, जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने महागठबंधन के सामने एक और गूगली डाल दी है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर इन दिनों पदयात्रा कर रहे हैं और गांव-देहात में जाकर जनता से संवाद कर रहे हैं। अपनी जनसभाओं में वो नीतीश-तेजस्वी सरकार को खूब खरी-खोटी भी सुना रहे हैं। वहीं, अब उन्होंने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर दी है, जिससे हर कोई हैरान है।

तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए’

दरअसल, प्रशांत किशोर ने कहा है कि हम तो पिछले छह महीने से ये कह रहे हैं कि बिहार में महागठबंधन की सरकार है और सबसे बड़ा दल उसमें राष्ट्रीय जनता दल (लालू यादव की पार्टी) है। नीतीश कुमार भी कह चुके हैं कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में अगला चुनाव लड़ेंगे, तो मेरा यही कहना है कि तेजस्वी यादव को तुरंत बिहार का मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। जब पत्रकारों ने प्रशांत किशोर से यह पूछा कि क्या तेजस्वी यादव सीएम मटेरियल हैं? इस सवाल पर पीके ने कहा कि अब वो सीएम मटेरियल हैं या नहीं, ये तो जनता तय करेगी।

जनता को भी अवसर मिलना चाहिए…

हालांकि, उन्होंने कहा कि मैं तो चाहता हूं कि महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए, ताकि वो अपना कौशल, अपनी बुद्धि और अपनी क्षमता को दिखाएं और बिहार का भला हो। प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि जनता को भी यह अवसर मिलना चाहिए कि वो देखे कि तेजस्वी यादव कितनी अच्छी सरकार चलाते हैं।

तेजस्वी को 9वीं फेल बता चुके हैं प्रशांत किशोर

बता दें कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी सभाओं में पानी पी-पी कर तेजस्वी यादव को कोसते नजर आते हैं। प्रशांत किशोर कई बार तेजस्वी यादव को 9वीं फेल बता चुके हैं। यह भी कह चुके हैं कि लालू यादव के अलावा तेजस्वी यादव की अपनी कोई पहचान नहीं है। वहीं, अब तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की बात कहकर प्रशांत किशोर ने महागठबंधन के सामने एक और गूगली डाल दी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.