पटना: आज बिहार में एनडीए सरकार का फ्लोर टेस्ट होना है लेकिन भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड के कई विधायक अभी भी नाराज बताए जा रहे हैं. हालांकि दोनों दलों के नेताओं का कहना है कि सभी विधायक एकजुट हैं. इस बीच जेडीयू ने दावा किया है कि उनके सभी 45 विधायक नेतृत्व के संपर्क में हैं. जेडीयू नेताओं का दावा है कि शेखपुरा जिले के बरबीघा से विधायक सुदर्शन सिंह और खगड़िया जिले के परबत्ता से विधायक डॉ. संजीव कुमार सिंह से संपर्क हो गया है.

संजीव कुमार को रजौली गेस्ट हाउस में रोका
सियासी गहमागहमी के बीच खगड़िया जिले के परबत्ता से जेडीयू विधायक डॉ. संजीव कुमार सिंह को नवादा में पुलिस और प्रशासन ने डिटेन किया है. बताया जा रहा है कि विधायक झारखंड के रास्ते सोमवार की सुबह बिहार की सीमा में प्रवेश कर रहे थे, उसी दौरान उन्हें नवादा जिला प्रशासन ने बिहार-झारखंड बॉर्डर पर रजौली में रोक लिया. उन्हें वन विश्राम गृह रजौली में रखा गया है. जहां डीएम और एसपी भी मौजूद हैं.