बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद जहां आरजेडी खुद को इस संकट से उबारने में लगी है वहीं अब लालू प्रसाद के बड़े लाल तेजप्रताप के एक पोस्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। तेजप्रताप यादव के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। दरअसल, तेजप्रताप यादव ने आज अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा,’हमें 6 साल से परेशान किया जा रहा है’। अब उनके इस ट्वीट के बाद सियासी जगत में दो अटकलें लग रही हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया है।

तेजप्रताप की इस पोस्ट के बाद दो अटकलें लग रही हैं। पहली अटकलबाजी यह है कि उनकी शादी के 6 साल पूरे होने वाले हैं। तेजप्रताप के ट्वीट से यह भी लग रहा है कि वह अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र कर रहे हों। तलाक को लेकर लगातार कोर्ट-कचहरी का चक्कर लगाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। वहीं दूसरी अटकलबाजी यह है कि परिवार के अधिकतर सदस्यों पर ईडी और सीबीआई का मुकदमा चल रहा है जिसके चलते बार-बार पूछताछ के लिए दिल्ली जाना पड़ रहा है। लालू यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और हेमा यादव के ऊपर ईडी की तलवार लटक रही है।
