लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 7 मई को झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और अररिया में वोटिंग होगी. वहीं, चौथे चरण में 13 मई को दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर. बेगूसराय और मुंगेर में वोटिंग होगी. इन दोनों चरणों में एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अप्रैल को अररिया और मुंगेर में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. बता दें कि 26 अप्रैल को ही दूसरे चरण का मतदान पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका में होने वाला है. इस बीच मुंगेर और अररिया में पीएम मोदी की चुनावी सभाओं की तैयारियां जारी हैं.
मुंगेर लोक सभा के मुख्य प्रत्याशियों के नामांकन कराने का बाद अब मुंगेर में बड़े बड़े नेताओं का आना शुरू हो गया है. मुंगेर लोक सभा में सीधा मुकाबला एनडीए प्रत्याशी राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी कुमारी अनिता देवी के बीच है. ऐसे में अब एनडीए के प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में सबसे बड़ा चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अप्रैल को मुंगेर के हवा अड्डा में बने मंच से ललन सिंह के लिये वोट अपील करेंगे.

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री के साथ जो मंच साझा करेंगे उनमें बड़े चेहरों में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा का नाम सबसे ऊपर है. प्रधानमंत्री आगमन को लेकर मुंगेर हवाई अड्डा भव्य मंच बनने सहित सुरक्षा और आने वाले लोगों के लिये बैठने की जगह तैयार करने में दिन रात सैकड़ों मजदूर से लेकर सुरक्षा में एसपीजी और अन्य फोर्स लगे हुए हैं. मैदान को सेनेटाइज करने से लेकर हर एक पहलू की जांच कर रहे हैं.








