पटनाः 2024 के लोकसभा चुनाव में अब आरक्षण का मुद्दा छा गया है. इंडिया गठबंधन के नेता जहां बीजेपी पर संविधान और आरक्षण को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगा रहे हैं तो वहीं बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी पिछड़ों-अति पिछड़ों का आरक्षण मुसलमानों को देना चाहते हैं. इस बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एक बार फिर बीजेपी पर आरक्षण और संविधान खत्म करने का आरोप लगाया है.
संविधान और आरक्षण क्यों खत्म करना चाहते हैं ?
तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी के लोगों को ये बताना चाहिए कि वो आरक्षण और संविधान क्यों खत्म करना चाहते हैं, एक बार नहीं कई बार. जरा बीजेपी के लोगों जानकारी होनी चाहिए कि महागठबंधन की सरकार के दौरान हमने जातीय जनगणना कराई थी तो बीजेपी ने सुप्रीम कोर्ट में इसके खिलाफ सॉलिसिटर जनरल को खड़ा कर दिया था.
10 साल में पीएम ने क्या किया ?
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारा धर्मशास्त्र क्या सिखाता है ? धर्म के साथ कर्म की बात होनी चाहिए.प्रधानमंत्री ने 10 साल कर्म क्या किया है, जरा बता दें.10 साल में बिहार के लिए क्या किया ? केवल झूठ बोला, झूठ ही बोलना उनका काम है, भ्रम फैलाना, नफरत फैलाना, बांटना और वही वो कर रहे हैं.
हिंदू-मुसलमान नहीं करेंगे तो पार्षद का चुनाव नहीं लड़ सकते
वहीं आरजेडी नेता मनोज झा ने आरक्षण को लेकर पीएम पर निशाना साधा. मनोज झा ने कहा कि मंडल कमीशन की रिपोर्ट से देश की राजनीति और सामाजिक ढांचा बदला है. प्रधानमंत्री को पढ़ना चाहिए, उसमें अन्य धर्मों के लोग भी हैं. पीएम के स्क्रिप्ट राइटर बड़ा नुकसान करा रहे हैं. आपको ये क्या हो जाता है प्रधानमंत्री जी? आप हिंदू मुसलमान नहीं करेंगे तो पार्षद और पंचायत का चुनाव लड़ने की क्षमता आप में नहीं है.

लोकसभा के ‘रण’ में छाया आरक्षण
इस लोकसभा चुनाव में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ कई राष्ट्रीय मुद्दों पर भी बात हो रही है, लेकिन अब आरक्षण का मुद्दा हर जगह छा गया है. विपक्ष जहां सरकार पर संविधान और आरक्षण को खत्म करने की कोशिशों का आरोप लगा रहा है तो पीएम अपनी सभाओं में बता रहे हैं कि कर्नाटक की तर्ज पर पूरे देश में मुसलमानों को आरक्षण देने की बात इंडी गठबंधन कर रहा है.



