नीतीश कुमार के फेमस विधायक के बोल, कहा- 40 सीट नहीं जीतेगा एनडीए’

गोपालपुर के जदयू विधायक नरेन्द्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने लोकसभा चुनाव में एनडीए की सीटों को लेकर भविष्यवाणी करनी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इस बार एनडीए गठबंधन बिहार में 40 नहीं, बल्कि 30 से 32 सीट ही जीत पाएगा। 40 सीट नहीं आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव घटा है। विधायक गोपाल मंडल बुधवार को निजी कार्य से एसएसपी से मुलाकात करने गए थे। मुलाकात के बाद वहां मौजूद पत्रकारों के कहा, यदि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लिए अच्छा काम किया होगा तो 40 में 40 सीट जीत जाएंगे। उन्होंने कहा कि देखिये हम सत्य बोलते हैं। वैसे नरेन्द्र मोदी हमारी पार्टी के प्राइम मिनिस्टर हैं। गठबंधन में है। ज्यादा क्या बताएं।

अजय मंडल पर जमकर बरसे गोपाल मंडल

गोपाल मंडल, भागलपुर सीट से अपने ही दल के उम्मीदवार अजय मंडल पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हम बैठे हुए ही रह गए। कहीं निकले ही नहीं। अजय ने हमको घूमने के लिए न गाड़ी दी और न तेल दिया। गोपाल मंडल ने आगे कहा कि अजय मंडल हमसे मिलने आये थे, उस समय भी हमने बताया था कि महागठबंधन के उम्मीदवार अजीत शर्मा के पास पैसा है, आपको भी खर्च करना पड़ेगा। पिछली बार हमने आपके चुनाव में अपना खर्च किया था, लेकिन इस बार हमें भी धन चाहिए।

गोपालपुर छोड़ कहीं से भी लीड नहीं बना पाएंगे अजय मंडल

गोपाल मंडल ने आगे कहा कि मुझसे मिलने के बाद अजय लोगों से कहने लगे कि हम तो ऐसे ही मिलने चले गए थे। उनसे कुछ नहीं होने वाला। खैर, अजय मंडल जो भी मेरे बारे में कहें, लेकिन वह गोपालपुर विधानसभा छोड़ किसी विधानसभा से महागठबंधन के उम्मीदवार को हरा नहीं रहे हैं, क्योंकि उन्होंने जनता से संपर्क किया ही नहीं। वैसे भी जो पब्लिक के बीच में जाएगा वहीं चुनाव जीतेगा। अजीत शर्मा द्वारा उनसे संपर्क किए जाने के मुद्दे पर कहा कि हम क्यों उनसे मिलेंगे। वो हमारे लोग नहीं है, लेकिन हम भी पूरे चुनाव अपने घर पर ही रहे। घर से ही पता करते रहे कि क्या हो रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.