बिहार में पहली बार होगा ग्लोबल एआई, स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो का आयोजन

पटना: बिहार में तकनीक, शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार ग्लोबल एआई, स्किल्स एंड एजुकेशन एक्सपो 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह तीन दिवसीय आयोजन 19 से 21 नवंबर तक पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में होगा। इसमें देश-विदेश के शिक्षण संस्थानों, कंपनियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के शामिल होंगी।

आयोजन की जानकारी देने के लिए रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें विप्रो लिमिटेड के एसोसिएट डायरेक्टर ओवैस उर रहमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर एक्सपो के डायरेक्टर सुमन कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण कुमार और प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद सहित शिक्षा एवं उद्योग जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि एक्सपो का मुख्य उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आधुनिक शिक्षा, एजुकेशन टेक्नोलॉजी, उच्च शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में विद्यार्थियों, शिक्षकों, विश्वविद्यालयों, स्टार्टअप और कंपनियों को एक मंच पर लाना है। यहां युवाओं को नई तकनीक की जानकारी, प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और रोजगार से जुड़े अवसरों के बारे में जानने का मौका मिलेगा।

आयोजकों ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की जरूरत है। यह एक्सपो विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से परिचित कराने के साथ कौशल विकास और उद्यमिता को भी बढ़ावा देगा।

आयोजकों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, स्टार्टअप और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

एक्सपो की प्रदर्शित सूची में विप्रो, अमेजन, फ्लिपकार्ट, स्विगी, ब्लू डार्ट, टाटा मोटर्स, महिंद्रा, जियो, फोनपे, गोदरेज, सिप्ला, डी-मार्ट, बिगबास्केट, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, डोमिनोज, एलआईसी, ओला और जेप्टो जैसी कंपनियों के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही कई विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी भी प्रस्तावित है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.