मुजफ्फरपुर: स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा एवं योग संस्थान, मुजफ्फरपुर की ओर से बिहार स्पोर्ट्स डायलॉग एसोसिएशन के दूसरे सत्र का आयोजन ललित नारायण मिश्रा कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट में किया गया।


कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के खेल शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित कर युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने और उन्हें नशे एवं ड्रग्स जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने पर चर्चा की गई।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच और बेहतर जीवनशैली विकसित करने का भी सशक्त जरिया है। किशोरों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने, शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और खेल गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।


संस्थान के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि स्कूलों के खेल शिक्षक सीधे तौर पर विद्यार्थियों से जुड़े रहते हैं। किशोरों और युवाओं के बीच नशे के दुष्प्रभावों को समझाने और उन्हें सही दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। समाज में तेजी से फैल रही नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए शिक्षकों को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि संस्थान की ओर से भविष्य में भी इस तरह के संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।


वहीं, मुख्य अतिथि एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने संस्थान की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन भी स्कूलों और कॉलेजों के आसपास संचालित अवैध गतिविधियों एवं कारोबार को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।


ऐसे अवैध कारोबार को बंद कराने के साथ दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल शिक्षकों के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त समाज की भावना विकसित करना रहा।