मुजफ्फरपुर: सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक, मंडल कार्यालय मुजफ्फरपुर द्वारा सामाजिक सरोकार एवं जनसेवा की भावना से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मंडल प्रमुख अभिमन्यु कुमार सिन्हा द्वारा किया गया।

रक्तदान शिविर में मंडल कार्यालय के साथ-साथ मंडल के अंतर्गत आने वाली विभिन्न शाखाओं से आए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वेच्छा से रक्तदान किया। बैंक की महिला कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान कर इस सामाजिक पहल में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।


इस अवसर पर मंडल प्रमुख ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित से जुड़े ऐसे प्रयास लोगों को सेवा और सहयोग के लिए प्रेरित करते हैं।

शिविर के दौरान उपस्थित बैंक कर्मियों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस रक्तदान शिविर के माध्यम से पंजाब नेशनल बैंक, मंडल कार्यालय मुजफ्फरपुर ने सतर्कता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
