पटना. लोकसभा चुनाव का चौथा चरण 13 मई को है. इस फेज में 5 लोकसभा क्षेत्र-दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर. बेगूसराय और मुंगेर में वोटिंग होगी. इससे पहले पटना में इंडिया अलायंस के नेताओं ने प्रेस वार्ता किया. इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जहां सैम पित्रोदा की नस्लवादी टिप्पणी पर सफाई दी ही वहीं महागठबंधन के पीएम फेस को लेकर भी अपनी बात कही. इसके साथ ही उन्होंने देश में सीबीआई और ईडी के एक्शन पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो सताने की कार्रवाइयों को वापस लिया जाएगा.

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ED, CBI के द्वारा सताने के लिए जो कारवाई हुई है, सरकार बनने पर ऐसी कार्रवाइयों को वापस लिया जाएगा. जो कानून सम्मत होगा इस पर कानून फैसला लेगा. सैम पित्रोदा के बयान पर खड़गे ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने खुद इस्तीफा दिया है जिसके बाद बात खत्म हो गई. मणि शंकर अय्यर के पाकिस्तान के पास एटम बम होने के बयान पर खड़गे ने कहा कि, एनडीए का काम ही बयानों को तोड़ मरोड़ कर पेश करना है.

खड़गे ने धर्म के आधार पर आरक्षण देने पर कहा जो आरक्षण दिया जा रहा उसे लागू रखा जाएगा बाकी बातों पर सरकार बनने पर जवाब दिया जाएगा. इसके साथ ही खड़गे ने आगे कहा, सरकार बनने पर कौन पीएम बनेगा मिलकर फैसला लेंगे. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, एनडीए 5 किलो देकर बता रहा कि बड़ा काम कर रहा, लेकिन हमलोग 35 किलो देते थे. देश में मोदी की गारंटी जैसे शब्द का कोई असर नहीं. बता दें कि इस प्रेस वार्ता में मीरा कुमार, दीपांकर भयाचार्य, आरजेडी से मनोज झा, कांग्रेस प्रभारी मोहन प्रकाश, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह भी मौजूद थे.
खड़गे ने आगे कहा, तीन चरणों में 285 सीटों पर चुनाव हुआ, 13 मई को चौथा चरण का मतदान शुरू हुआ. तेलंगाना में मेरा और पीएम मोदी की जनसभा थी. पीएम मोदी की सभा में जैसे लोग जुटे कई इशारे करता है. लोगों को नौकरियों नहीं मिलीं. पीएम मोदी कोई बड़े कार्य किये हैं तो वो बताएं. महिलाओं के लिए देश में परेशानी बढ़ी है. बीजेपी सिर्फ हिंदू मुसलमान करना चाहती है. बीजेपी देश की जनता को बांटना चाहती है. मुसलमानों के बीच डर फैलाया जा रहा है. मोदी अलग-अलग तरीके से लोगों को भड़का रहे हैं.

इसी प्रेस वार्ता में राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा, बिहार से मजबूत संदेश मिल रहा है और नौकरी का मतलब तेजस्वी, सब लोग समझ गए हैं. लोग अब नौकरी देख रहे हैं, भैंस नहीं देख रहे. संविधान खत्म कर देंगे यह बात हर गांव तक पहुंच गयी है. पीएम इतने झूठ बोल रहे हैं कि मशीन भी खराब हो जाएगा. 4 जून के बाद देश में अलग तस्वीर दिखाई पड़ेगी.

दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा, पहले जब चुनाव होता था तो इलेक्शन कमिशन सुनता था. अब ED का नाम सिर्फ सुनाई पड़ता है. अरविंद केजरीवाल की जमानत लोकतंत्र को मजबूत करने वाली है. आने वाले चरणों के चुनाव पर न्यायपालिका की भी नजर है. चुनाव आयोग डेटा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा. चुनाव में हेट स्पीच पर चुनाव आयोग कोई कारवाई नहीं कर रहा. पीएम मोदी हर जगह हिंदू मुसलमान कर रहे हैं. बिहार अब पीछे नहीं लौटेगा और 2019 के चुनाव को अब भूल जाना चाहिए. 2024 के चुनाव में अब मुद्दा बदल गया है. हर चरण में एनडीए लगातार पीछे चल रहा है. यह चुनाव देश को और संविधान को बचाने का चुनाव है.


