सीतामढ़ी: अपर मुख्य सचिव केके पाठक के निर्देश पर सरकारी स्कूलों में नियमित निरीक्षण जारी है. वहीं निरीक्षण के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर कार्यवाही भी की जा रही है. बाबजूद इसके, विद्यालयों से शिक्षक बिना सूचना अनुपस्थित रह रहे हैं. इसी कड़ी में जिले में 27 मई को किए गए निरीक्षण के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले 21 शिक्षकों के एक दिन के वेतन पर रोक लगाते हुए बीईओ के माध्यम से स्पष्टीकरण की मांग जिला शिक्षा पदाधिकारी ने की है.

बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों में बाजपट्टी प्रखंड के मध्य विद्यालय हलीम टोल उर्दू के मोईन अशरफ कमाली, शबनम कुमारी ,हरिओम कुमार, मोइनुद्दीन, इशरत जहां खालिक, मोहम्मद सुहैल, रामनाथ महतो, बथनाहा प्रखंड के मध्य विद्यालय मधुबनी गोट के परमानंद कुमार, मध्य विद्यालय छतवागढ़ की सुनीता कुमारी, रीगा प्रखंड के मध्य विद्यालय अनहारी के विपिन कुमार, सुप्पी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मोहनी मंडल टोल विशन सिंह के प्रशांत कुमार शामिल हैं.


खराब प्रदर्शन करने वाले 4 शिक्षा सेवकों का कटा वेतन
इधर, अपर मुख्य सचिव के निर्देश के आलोक में खराब प्रदर्शन करने वाले व दायित्वों का निर्वहन नहीं करने वाले शिक्षा सेवकों पर कार्यवाही जारी है. इसी कड़ी में 27 मई को अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करने पर दो प्रखंड के 4 शिक्षा सेवकों का एक दिन के वेतन में कटौती करते हुए तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण की मांग जिला कार्यक्रम पदाधिकारी साक्षरता रिशु राज सिंह ने की है. उन्होंने बताया कि शिक्षा सेवकों पर यह कार्यवाही केआरपी परिहार एवं बैरगनिया द्वारा दिए गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। कार्यवाही की जद में आने वालों में परिहार प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय गांधीनगर के धर्मेंद्र माझी, प्राथमिक विद्यालय शिवनगर उत्तरी के मोसमा खातून , बैरगनिया प्रखंड के मध्य विद्यालय भटौलिया बखरा के शाहिद अली अंसारी, प्राथमिक विद्यालय बहीरी गोट के सदरे आलम शामिल हैं.







