पटना में इस दिन निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, ड्रोन से होगी पुष्पवर्षा

पटना. अगर आप किसी कारणवश पुरी के जगन्नाथ मंदिर की रथ यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगे तो निराश होने की कोई जरूरत नहीं है. भगवान जगन्नाथ खुद आपको पटना में दर्शन देंगे. पटना में 7 जुलाई को अलग-अलग मंदिरों से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी. इसको लेकर सभी मंदिरों में तैयारी शुरू कर दी गई है. रथ के साथ मंदिर को भी फूल-मालाओं से सजाया जा रहा है. साथ ही पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है. इस्कॉन मंदिर से निकलने वाले रथयात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह रहता है. इस साल नगर भ्रमण के दौरान ड्रोन से पुष्प वर्षा भी करवाई जाएगी. सिर्फ इस्कॉन मंदिर ही नहीं गौड़ीय मठ मंदिर और भिखमदास ठाकुरबाड़ी से भी रथ यात्रा निकाली जाएगी.

राजधानी पटना में धूमधाम से निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा - आवाज़  टाइम्स

इस्कॉन मंदिर में ड्रोन से होगी पुष्प वर्षा

इस्कॉन मंदिर से निकलने वाली जगन्नाथ यात्रा के लिए लोग अभी से ही उत्साहित हैं. हर साल देश-विदेश से आए श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं. पूरे रास्ते हरे कृष्णा हरे रामा की जयघोष के बीच यह रथयात्रा निकाली जाती है. इस साल यहां हाइड्रोलिक सिस्टम से बना रथ आकर्षण का मुख्य केन्द्र होगा. इस रथ पर श्री बलभद्र और सुभद्रा जी के साथ भगवान जगन्नाथ विराजमान होंगे. इस्कॉन पटना के अध्यक्ष कृष्ण कृपा दास ने कहा कि रथयात्रा दोपहर मंदिर परिसर से निकल कर तारामंडल, इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट, बिहार म्यूजियम, पटना वीमेंस कॉलेज होते हुए शाम 7 बजे मंदिर परिसर में वापस आएगी. रास्ते में भगवान पर ड्रोन से पुष्पवर्षा की जाएगी.

गौड़ीय मठ मंदिर में भी है खास इंतजाम

मीठापुर स्थित गौड़ीय मठ मंदिर में रथ यात्रा पिछले 50 सालों से निकाली जा रही है. रथ यात्रा के दिन मंदिर परिसर में रथ पर भगवान जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं सुभद्रा जी को भ्रमण कराया जाएगा. ठाकुर जी को इस भाव से भ्रमण कराया जाएगा, जैसे द्वारिका से वृंदावन लाया जा रहा हो. इसके लिए मंदिर की सजावट का काम तेजी से चल रहा है. इस मौके पर ठाकुर जी विशेष श्रृंगार किया जाता है. साथ ही फूलों से बना मुकुट पहनाया जाएगा. यहां रथयात्रा शाम 4 बजे से शुरू होगी. इस मौके पर अध्यक्ष भक्तिसागर महाराज रथयात्रा से जुड़ी कथाओं का वाचन करेंगे. महोत्सव की विशेषता, महत्व, रहस्य के बारे में बताएंगे.

भिखमदास ठाकुरबाड़ी में भी तैयारी तेज

भिखमदास ठाकुरबाड़ी में भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर तैयारी जोर-शोर से की जा रही है. मंदिर परिसर से रथयात्रा शाम 5 बजे निकलेगी, जो हथुआ मार्केट, चूड़ी मार्केट, दिनकर चौराहा, देवी स्थान होते हुए नागा बाबा ठाकुरबाड़ी तक जाएगी. वहां भगवान की भव्य आरती होगी. रथ रात 9 बजे वापस मंदिर तक आएगा. इस यात्रा में बाकरगंज, कदमकुआं, राजेंद्रनगर के साथ अन्य स्थानों के लोग शामिल होंगे. सबसे पहले रथ की रस्सी मंदिर के महंत जयनारायण दास खींचेंगे. उन्होंने बताया कि पिछले चार साल से रथयात्रा निकाली जा रही है.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.