श्रावणी मेले को लेकर पूर्व मध्य रेलवे कई स्पेशल ट्रेनें चलाने जा रहा है। पटना और गया से मधुपुर के लिए, जयनगर से आसनसोल के लिए और रक्सौल व सरायगढ़ से देवघर के लिए एक-एक जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाए। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने प्रेस विज्ञप्ति इसकी जानकारी दी है। उन्होंने यात्रियों से मेला स्पेशल ट्रेनों से यात्रा कर इसका लाभ उठाने की अपील की है।

जानकारी के मुताबिक 05551 रक्सौल-देवघर मेला स्पेशल 21 जुलाई से 20 अगस्त के बीच रविवार, मंगलवार व गुरुवार को रक्सौल से सुबह 05.15 बजे खुलकर दोपहर 01.38 बजे सुलतानगंज पहुंचेगी। यह गाड़ी शाम 04.45 बजे देवघर पहुंचेगी। वापसी में 05552 देवघर-रक्सौल स्पेशल बनकर 21 जुलाई से 20 अगस्त तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार एवं गुरुवार को देवघर से शाम 05.45 बजे खुलकर रात 09.30 बजे सुलतानगंज व अगले दिन सुबह 06.00 बजे रक्सौल पहुंचेगी। यह ट्रेन सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, किउल, जमालपुर, सुलतानगंज के रास्ते चलेगी।

जयनगर, दरभंगा होकर चलेगी एक स्पेशल ट्रेन
दूसरी ओर, 05597 जयनगर-आसनसोल मेला स्पेशल 23 जुलाई से 20 अगस्त तक मंगलवार, शुक्रवार व रविवार को जयनगर से रात 10.00 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 09.10 बजे जसीडीह रुकते हुए 11.30 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में 05598 आसनसोल-जयनगर मेला स्पेशल 24 जुलाई से 21 अगस्त तक प्रत्येक बुधवार, शनिवार व सोमवार को आसनसोल से दोपहर 01.00 बजे खुलकर जसीडीह रुकते हुए अगले दिन सुबह 04.20 बजे जयनगर पहुंचेगी। यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, मुंगेर, किउल, झाझा के रास्ते चलेगी।




