जस्टिस एमएस रामचंद्र राव ने बुधवार सुबह झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली. राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
)
समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो सहित कई मंत्री एवं महत्वपूर्ण लोग उपस्थित रहे. जस्टिस राव झारखंड हाईकोर्ट के 16वें चीफ जस्टिस हैं. उनके पहले के चीफ जस्टिस बीआर सारंगी 19 जुलाई को रिटायर हो गए थे. इसके बाद इस पद का दायित्व एक्टिंग चीफ जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद संभाल रहे थे.

जस्टिस एमएस रामचंद्र राव इससे पहले हिमाचल प्रदेश के चीफ जस्टिस के रूप में कार्यरत थे. उनके झारखंड हाईकोर्ट में तबादले की अधिसूचना, भारत सरकार के कानून एवं न्याय मंत्रालय ने 21 सितंबर को जारी की थी. जस्टिस राव ऐसे परिवार से आते हैं, जिसके पास कानून एवं न्याय की प्रैक्टिस की समृद्ध विरासत है. उनके पिता जस्टिस एम. जगन्नाथ राव सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश थे, जबकि उनके दादा भी आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस रहे थे.

