‘यह तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है.’ आपने यह लाइन कई बार सुना होगा, लेकिन इस बार उपचुनाव के नतीजों के बाद यह बयान दिया है बीजेपी के दिग्गज नेता ने. बिहार के चार सीटों पर हुए उपचुनाव में एनडीए का शानदार प्रदर्शन रहा. एनडीए ने चारों सीटों पर जीत हासिल की. इमामगंज पहले भी एनडीए की सीट थी और उपचुनाव में भी इस सीट पर एनडीए ने परचम लहराया. उसके अलावा एनडीए ने इंडिया एलायंस की तीनों सीटों को भी अपने कब्जे में कर लिया है.

बिहार उपचुनाव में NDA ने सभी सीटों पर की जीत दर्ज
इमामगंज, बेलागंज, तरारी और रामगढ़ पर जीत के बाद प्रदेश के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने बड़ा बयान दिया है. बिहार उपचुनाव के नतीजों से उत्साह में नजर आ रहे बीजेपी नेता विजय सिन्हा ने कहा कि यह 2025 विधानसभा चुनाव से पहले का ट्रेलर था.

‘यह तो 2025 विधानसभा चुनाव से पहले का ट्रेलर’
साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए 225 सीटों पर भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी और नीतीश कुमार फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे. डिप्टी सीएम ने झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि झारखंड में बीजेपी का प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं रहा, लेकिन महाराष्ट्र में हमने दो तिहाई से ज्यादा सीट पर जीत दर्ज किया है.

बिहार में कुल 243 विधानसभा सीट
इन राज्यों में विधानसभा चुनाव के अलावा 15 राज्यों की 48 सीटों पर भी एनडीए का प्रदर्शन अच्छा रहा. जनता ने पीएम नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास को अपना समर्थन दिया है. बता दें कि बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाला है. एनडीए ने पहले ही पीएम मोदी को अपना मुख्यमंत्री फेस घोषित कर चुकी है. वहीं, इंडिया एलायंस की तरफ से बिहार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सीएम फेस होंगे. बिहार में कुल 243 विधानसभा सीट है.

