बिहार के भागलपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां रात के अंधेरे में तस्कर दफनाए गए शवों के सिर काटकर फरार हो जा रहे हैं. घटना सन्हौला थाना क्षेत्र के असरफरनगर की बताई जा रही है.

ग्रामीणों ने बताया कि दफन शवों के मुंड की खौफनाक तस्करी पिछले पांच वर्ष से हो रही है. बड़ी बात यह है कि नरमुंड तस्कर रात के अंधेरे में आते हैं कुछ माह पुराने शवों के सिर काट कर ले जा रहे हैं. इस कुकृत्य व अमानवीय घटना को लेकर कुछ ग्रामीण इसे तांत्रिकों का करतूत भी बता रहे हैं.

वहीं मौके पर पहुंची सन्हौला थाना पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण किया। जहां पुलिस को ग्रामीणों के गुस्से का दंस झेलना पड़ा। पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत कराते हुए शीघ्र दीवार और कंटीले तार से घेराबंदी का आश्वासन दिया गया. इस कुकृत्य में शामिल लोगों की शीघ्र गिरफ्तारी की बात कही गई.

ठंड में तस्करों का आतंक
वहीं पूर्व मुखिया मोहम्मद एजाज ने बताया कि कब्रिस्तान की घेराबंदी चरवाहों द्वारा अक्सर तोड़ दी जाती है. जबकि ग्रामीण अपने सहयोग से कई बार इस कब्रिस्तान की घेराबंदी दीवार व कंटीले तार से करवाया गया है. कुछ दिनों के बाद ही कंटीले तार को काट दिया जाता है. तस्कर अधिकतर ठंड के मौसम में घटना को अंजाम देते हैं.


