मुजफ्फरपुर: मीनापुर प्रखंड के अली नेउरा स्थित डेजावू स्कूल ऑफ इनोवेशन में शिक्षक के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में बुधवार को इंडियन एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स के नेतृत्व में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। गंगासागर पुल से विश्वकर्मा चौक तक निकली महा रैली में शहर के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, स्कूल निदेशक, विद्यार्थी और अभिभावक शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने शिक्षक के सम्मान और मामले में न्याय की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई।


मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने “शिक्षक का सम्मान, समाज का सम्मान” समेत विभिन्न स्लोगन और नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान एमएलसी बंशीधर बिजवासी भी शिक्षकों के समर्थन में मार्च में शामिल नजर आए।

इंडियन एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स से जुड़े निदेशक सुजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि शिक्षक के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। निदेशक ललन कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने का काम करते हैं। शिक्षक के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।


निदेशक सुधांशु कुमार ने कहा कि घटना से शिक्षकों और विद्यालय समुदाय में चिंता है। प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि विद्यालयों में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण जरूरी है। किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए।


मुन्ना सिंह ने कहा कि शिक्षक के सम्मान की रक्षा के लिए विद्यालय समुदाय एकजुट है और दोषियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। निदेशक स्वाति श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच सम्मान एवं विश्वास का रिश्ता बना रहना चाहिए। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

वहीं एआईडीएसओ जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि शिक्षक के साथ हुई मारपीट की घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोषी पाए जाने वालों पर कानूनी कार्रवाई के साथ विद्यालयों में शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत है।डेजावू स्कूल की निदेशिका गरिमा विशाल ने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और निष्पक्ष तरीके से जांच कर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। विद्यालय परिवार शिक्षक के सम्मान और संस्थान में सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के पक्ष में है।


मीनापुर थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
प्रतिरोध मार्च के बाद एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मीनापुर थाने पहुंचा और पुलिस को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संगठन की ओर से कहा गया कि यदि पांच दिनों के अंदर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा।


मार्च में शामिल शिक्षकों और अभिभावकों ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखी गईं और शिक्षक के सम्मान एवं सुरक्षा के साथ मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई गई।
