पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को ‘डायल 100’ की री-लांचिंग की। 100 नंबर की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। इसका सेंट्रलाइज्ड सिस्टम किया गया है। इसके लिए अत्याधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही इसकी मॉनिटरिंग की भी बेहतर व्यवस्था की गई है। 25 मिनट के अंदर मौके पर पहुंचेगी पुलिस।
डायल 100 को प्रभावी बनाने के पीछे मकसद यह है कि किसी तरह की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल हरकत में आए। रिस्पांस टाइमिंग बेहतर हो। इसके तहत राज्य के किसी भी कोने से 100 नंबर पर फोन करने पर अधिकतम 25 मिनट के अंदर संबंधित थाने की पुलिस की घटनास्थल पर मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।
18 सितंबर को मुख्य सचिव दीपक कुमार की निगरानी में डायल-100 का ट्रायल हुआ था। इस दौरान पटना समेत आधा दर्जन जिलों के थानों में 100 नंबर से कॉल किए गए थे। इसमें राजधानी का शास्त्रीनगर थाना अव्वल रहा जबकि कई थाने फेल कर गए थे।
रात में कन्या स्कूल के पास शराब की खेप लोड होने की सूचना के सात मिनटों के अंदर ही शास्त्रीनगर थानाध्यक्ष निहार भूषण ने दल-बल के साथ पहुंच कर घेराबंदी कर ली थी। बाद में पता चला कि यह मॉक ड्रिल (ट्रायल) था।