कैमूर: दिल्ली से वापस आने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज से प्रगति यात्रा पर निकल रहे हैं. सीएम आज कैमूर में 169 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इन योजनाओं की लागत लगभग 348 करोड़ रुपये की बताई जा रही है. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं.

करोड़ों की योजनाओं की सौगात देंगे सीएम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह 10:40 बजे हेलीकॉप्टर से मोहनिया प्रखंड के भरखर गांव पहुंचेंगे, जहां कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसके बाद 11 बजे मोहनिया बाजार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सीएम भरखर से अधौरा जाएंगे.

वहां पर डिग्री कॉलेज की आधारशिला रखेंगे. साथ ही स्टेडियम का शुभारंभ करेंगे. 12.45 बजे कोडिरा डैम पर जाकर नदी का अवलोकन करेंगे. 1:30 बजे भभुआ जिला अतिथि गृह जाएंगे. समीक्षा बैठक के बाद 3:10 बजे पटना लौट आएंगे.

मिथिला पेंटिंग की सजावट से होगा सीएम का स्वागत
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पहला कार्यक्रम मोहनिया प्रखंड अंतर्गत भरकर गांव में है, उसके बाद वह मोहनिया बाजार समिति में भवन का शुभारंभ करेंगे. जिस भवन का सीएम उद्घाटन करेंगे, उस भवन की दीवारों पर मिथिला पेंटिंग बनाई जा रही है. इसके लिए मधुबनी से कुल 10 लोगों की टीम आई है. जिसमें 6 पुरुष और चार महिलाएं हैं, जो 12 तारीख से ही इस पेंटिंग को बनाने में लगे हैं.

पेंटिंग कृषि यंत्र पर आधारित
इस पेंटिंग में प्राचीन भारत में कृषि यंत्रों के उपयोग से लेकर आधुनिक भारत के कृषि यंत्रों के उपयोग का दृश्य दिखाई जा रहा है. यह पेंटिंग कृषि आधारित पेंटिंग है, जिसे बाजार समिति की दीवार पर बनाया जा रहा है.
