बिहार विधान परिषद की तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। मौजूदा एमएलसी और सीपीआई उम्मीदवार संजय सिंह पिछड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि बीजेपी के नरेंद्र सिंह ने बढ़त बना रखी है। वहीं, शिक्षा माफिया के रूप में चर्चित बच्चा राय को अब तक बेहद कम वोट मिले हैं और वे बड़ी हार की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

प्रथम वरीयता के दूसरे चक्र की मतगणना तक बीजेपी के नरेंद्र सिंह को 1,872 वोट मिले हैं, जबकि सीपीआई के संजय सिंह 1,713 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। निर्दलीय उम्मीदवार भूषण झा को 1,650 वोट मिले हैं। जन सुराज के श्यामनंदन यादव के खाते में 1,335 वोट आए हैं।

इस प्रकार नरेंद्र सिंह 159 वोटों से आगे चल रहे हैं। इस चुनाव में बच्चा राय का प्रदर्शन अब तक काफी निराशाजनक रहा है। उन्हें केवल 276 वोट मिले हैं। वहीं, प्रेम यादव को 98 और राजेश राठौड़ को 23 वोट प्राप्त हुए हैं।

इसके पहले तिरहुत शिक्षक में BJP के नरेंद्र सिंह पहले राउंड में 138 मतों से आगे हुए थे। नरेंद्र सिंह को 1789, CPI के संजय सिंह को 1651 निर्दलीय भूषण झा को 1561 और जनसुराज के श्यामनंदन यादव को 1305 मत मिले। वहीं दूसरे राउंड की गिनती के बाद यह माना जा रहा है कि प्रथम वरीयता से रिजल्ट नहीं निकलेगा। तिरहुत शिक्षक सीट पर जिसे 3511 वोट मिलेगा वहीं प्रथम वरीयता के वोटों से जीतेंगे।

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना जारी है। चुनाव परिणामों को लेकर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की निगाहें मतगणना के अगले चक्रों पर टिकी हैं। हालांकि ज्यादर सीटों पर मतों की गिनती में शुरुआती रुझानों का आना शाम 4 बजे से शुरू होगा. शिक्षक निर्वाचन के 4 सीटों का परिणाम पहले आएगा. उसके बाद 4 सीटों के स्नातक निर्चंक का परिणाम आएगा.
