भागलपुर मंजूषा कैनवास में तब्दिल, पीएम के आगमन से पहले आकर्षण का केंद्र बनी मंजूषा कला

भागलपुर के प्रसिद्ध मंजूषा कलाकार कौशल किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के अवसर पर एक विशेष पेंटिंग बनाई है। यह पेंटिंग भागलपुर की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आर्थिक विरासत को दर्शाती है, जिसमें क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों और परियोजनाओं को चित्रित किया गया है।

जीआई टैग प्राप्त मंजूषा कला से सजी इस पेंटिंग में भागलपुर और आसपास के महत्वपूर्ण स्थलों व परियोजनाओं को चित्रित किया गया है। इसमें अजगैबीनाथ मंदिर, गंगाधाम सुल्तानगंज, सुल्तानगंज में गंगा नदी पर बन रहा पुल, गांगेय डॉलफिन सेंचुरी, प्रसिद्ध कतरनी धान, सिल्क वर्म और उससे बने कपड़े, जर्दालू आम, कहलगाँव का थर्मल पॉवर प्लांट, पीरपैंती का कोयले का नया कोल ब्लॉक, विक्रमशीला बौद्ध महाविहार, बटेश्वर नाथ मंदिर, गंगा नदी पर बनने वाला कटरिया रेल पुल और विलुप्त हो रही गरुड़ की प्रजनन स्थली सह सेंचुरी को विशेष रूप से उकेरा गया है।

इसके अलावा, ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट भागलपुर और अंतर्देशीय जलमार्ग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी इस पेंटिंग में सुंदर चित्रण किया गया है।

कौशल किशोर ने बताया कि उन्होंने इस पेंटिंग के माध्यम से भागलपुर के विकास की दिशा में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों को रेखांकित किया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष के आम बजट में बिहार को विशेष रूप से भागलपुर को जो सौगातें मिली हैं, उन्हें भी इस पेंटिंग में दर्शाया गया है।

कौशल किशोर ने अपनी इस खास मंजूषा पेंटिंग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित किया है। उनका मानना है कि यह कृति भागलपुर की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देने का काम करेगी और प्रधानमंत्री के समक्ष इस क्षेत्र की विशेषताओं को प्रस्तुत करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.