जेपी नड्डा से मुलाकात के पहले भाजपा नेताओं ने यह क्या किया; राजद बोला- तेजस्वी यादव की ताकत समझ गए!

भारतीय जनता पार्टी कोटे से बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का एक वीडियो वायरल है। यह वीडियो भागलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान जुटे भाजपा नेताओं की बातचीत का है। इस वीडियो में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को सम्राट चौधरी बता रहे हैं कि लालू प्रसाद यादव के खिलाफ बोलने से हमें (भाजपा को) फायदा होता है, लेकिन तेजस्वी यादव के खिलाफ कुछ बोला जाए तो नुकसान।

गिरिराज इसपर बात समझ जाने का इशारा करते हुए हाथ जोड़ते हैं। अब राजद ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है कि बिहार भाजपा के पास चाल-चरित्र-चेहरा या विकास का रोडमैप नहीं है। उसे तेजस्वी यादव की ताकत का अंदाजा लग गया है।

पड़ताल करने पर पता चला कि यह वीडियो भागलपुर सर्किट हाउस का है। पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सारे दिग्गज नेता इकट्ठा हुए थे। इनमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधर, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल समेत पार्टी के कई वरीय नेता थे। पीएम के कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं के भाषण में किन किन मुद्दों पर चर्चा करनी है इस पर बातचीत हो रही है। इसका किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। अब इस पर सियासत गरमा गई है। 

राजद ने पूछा- बिहार भाजपा की यह कैसी हालत है?
इधर, इस वीडियो को शेयर करते हुए राष्ट्रीय जनता दल ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे के बाद केंद्र और राज्य के मंत्रीगण वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ मंत्रणा बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं अन्य नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ बोलने से मना कर रहे है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कह रहे हैं कि तेजस्वी यादव जी पर बोलने से हमसब को नुक़सान होता है और लालू यादव जी पर बोलने से फ़ायदा होता है।

बैठक में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह युवा जननेता तेजस्वी के ख़िलाफ़ बोलने पर माफ़ी मांगते नज़र आ रहे है। राजद ने लिखा कि सोचिए बिहार भाजपा की ये कैसी हालत है? इनके पास ना कोई चेहरा है, चरित्र है, ना चाल है ना कोई विकास का रोडमैप। यह बस सत्ता का पिछलग्गू बन प्रदेश लूटने में मस्त-व्यस्त है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading