पटना हाईकोर्ट के निर्देश पर सिवान जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह एक्शन मोड में हैं. उन्होंने 34 स्कूलों के प्रधानाचार्यों को नोटिस भेजा है. डीईओ ने आउटसोर्सिंग कर्मियों के हटाने के फैसले को लेकर जवाब मांगा है. तीन दिनों के भीतर उनको अपना जवाब देना होगा.

क्या है मामला?: असल में जिले के सरकारी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत एमटीएस कर्मचारी, कंप्यूटर ऑपरेटर और सफाई कर्मियों को पिछले माह नौकरी से हटा दिया गया था. इसके बाद से तमाम कर्मियों ने उच्च न्यायालय का रुख किया था.

धीरज शर्मा ने फैसले के खिलाफ याचिका दाखिल की है. हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद आउटसोर्स कर्मियों की नियुक्ति कब हुई और कार्यालय और बकाए वेतन की जानकारी की मांग की है.

34 हेडमास्टर तलब, 3 दिन में दें जवाब: पटना उच्च न्यायालय ने सभी प्रधानाचार्य को संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है. इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने 34 स्कूलों के प्रधानाचार्य को तलब किया है. जहां उन्हें तीन दिनों के अंदर जवाब देना होगा.

इन 34 स्कूलों के प्रधानाचार्य शामिल: जिला शिक्षा पदाधिकारी ने एक्शन लेते हुए तीन दिन के भीतर जिन 34 प्रधानाचार्यों को तलब किया है, उसमें विशेश्वर उच्च विद्यालय हरिपुर, उत्क्रमित विद्यालय भागर, उमा उच्च विद्यालय पचरुखी, पचरुखी इंटर कॉलेज, इंटर कॉलेज प्रेमचंद, उच्च विद्यालय सरारी, उच्च विद्यालय और गोपाल प्रसाद हाईस्कूल भी शामिल हैं. हालांकि इस पूरे मामले पर राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

