मुजफ्फरपुर: जिले के पारू धरफरी वार्ड नंबर 9 के रहने वाले अनीश कुमार ने प्रेम प्रसंग को लेकर बुधवार को हाई वोल्टेज ड्रामा खड़ा कर दिया. युवक शहर के मुजफ्फरपुर जंक्शन के दक्षिणी द्वार के पास स्थित करीब 300 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

जानकारी के अनुसार, अनीश कुमार एक महीने पहले ही पुणे से अपने घर लौटा था, जहां वह टाइल्स की दुकान में मजदूरी का काम करता था. मंगलवार की देर शाम वह फिर से पुणे जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह जंक्शन के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर पर चढ़ने के बाद उसने अपने परिजनों को फोन कर साफ कहा कि जब तक उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा.

जान देने की दी धमकी
उसने यह भी धमकी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा. बताया जा रहा है कि अनीश का प्रेम संबंध मुजफ्फरपुर के देवरिया की एक युवती से है. युवक लगातार फोन के जरिए अपने परिजनों और अन्य लोगों से संपर्क कर रहा था और लड़की को बुलाने की मांग कर रहा था.

इस बीच उसने दोपहर करीब 11 बजे 112 नंबर पर कॉल कर खुद ही घटना की जानकारी दी. अनीश के पिता प्रभु पंडित ने बताया कि उनके दो बेटों में अनीश बड़ा है. परिवार के लोग उसकी इस हरकत से काफी परेशान हैं और उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में लगे हुए हैं.
