वैशाली : बिहार के वैशाली जिले में अपराध करने आए एक बदमाश को जनता के गुस्से और एक लड़की के साहस का सामना करना पड़ा। महुआ अनुमंडल के तीसीऔता थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर एक युवती से मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाश को स्थानीय लोगों ने खदेड़कर पकड़ लिया। बदमाश ने कट्टा दिखाकर डराने की कोशिश की थी, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता के आगे उसकी एक न चली।

पीड़िता के हाथों ही हुई ‘ऑन द स्पॉट’ धुनाई
इस घटना का सबसे दिलचस्प पहलू तब सामने आया जब ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को सबक सिखाने का अनोखा तरीका निकाला। लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसी लड़की के सामने खड़ा कर दिया जिससे उसने मोबाइल लूटा था। ग्रामीणों के समर्थन के बाद लड़की ने बीच सड़क पर आरोपी युवक की जमकर धुनाई कर दी। सोशल मीडिया पर इस घटना की चर्चा तेज है और लोग लड़की के साहस की सराहना कर रहे हैं।

देशी कट्टा बरामद, पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए बदमाश के पास से एक लोडेड देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है और हथियार को जब्त कर लिया गया है।

जंदाहा का रहने वाला है आरोपी मोहन
एसडीपीओ संजीव कुमार के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान जंदाहा निवासी मोहन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब मोहन के पुराने रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि वह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं है या उसने पहले भी इस तरह की लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

ग्रामीणों की मुस्तैदी की हो रही चर्चा
तीसीऔता क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई ने अपराधियों के मन में खौफ पैदा कर दिया है। एसडीपीओ ने स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनता की सजगता से ही अपराधी को हथियार समेत पकड़ना संभव हो पाया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।