मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर स्थित एम.डी.डी.एम कॉलेज मुजफ्फरपुर के क्लिनिकल न्यूट्रिशन एवं डायटेटिक्स विभाग द्वारा आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर “सभी के लिए स्वास्थ्य, विज्ञान के साथ” थीम के तहत भव्य स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।




जिसकी शुरुआत मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई; कार्यक्रम में सीएनएस हॉस्पिटल पटना से मुख्य आहार विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी श्रेष्ठा तथा नेस्टिवा हॉस्पिटल की मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी डॉ. रितु शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।


जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अल्का जायसवाल ने की और विशेष रूप से एनएमसीएच पटना के डॉ. दीपक सहित अन्य विशेषज्ञों के साथ सीएनडी विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष एवं पूर्व समन्वयक डॉ. सुशीला सिंह की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।


इस दौरान आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में रक्त समूह, रक्त शर्करा, शारीरिक द्रव्यमान सूचकांक, विटामिन बी बारह तथा विटामिन डी जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं और प्रतिभागियों को विशेषज्ञों द्वारा आहार परामर्श भी प्रदान किया गया।
साथ ही कार्यक्रम के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर प्रतियोगिता तथा नाटक प्रस्तुति के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं एनीमिया जैसे विषयों पर छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता में सुकन्या कुमारी प्रथम, शर्वानी कुमारी द्वितीय तथा नैन्सी प्रिया तृतीय स्थान पर रहीं।

वहीं पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन निशी रानी द्वारा किया गया और इसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।