मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. अहियापुर थाना क्षेत्र से सात वर्षीय बच्ची के अपहरण के बाद 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है. फिरौती नहीं देने पर बच्ची की हत्या की धमकी भी दी गई है.

मुजफ्फरपुर में बच्ची का अपहरण : जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां सवीता देवी (बदला हुआ नाम), जो शिवराहा चतुर्भुज इलाके की रहने वाली हैं, अपने पति के साथ तमिलनाडु की एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करती हैं. उनकी सात साल की बेटी पिछले कुछ महीनों से भिखनपुर स्थित अपने ममेरे भाई के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी.


अपना ही निकला दुश्मन! : बताया जा रहा है कि 31 मार्च को सवीता देवी अपने पति के साथ बेटी को वापस ले जाने के लिए तमिलनाडु से मुजफ्फरपुर पहुंची थीं. उस रात वे अपने भांजे के घर पर ही रुके, लेकिन अगली सुबह बच्ची अचानक गायब मिली. परिजनों का आरोप है कि ममेरे भाई की पत्नी का पड़ोस के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. उसी के साथ मिलकर उसने बच्ची का अपहरण किया और अब 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग कर रही है.

जांच में जुटी पुलिस : मामले में अहियापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और बच्ची की तलाश जारी है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (टाउन-2) बिनीता सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है.


खुशी अपहरण कांड की याद : मुजफ्फरपुर में 7 साल की मासूम के अपहरण की खबर के बाद लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. जहां एक ओर पुलिस बच्ची को बरामद करने में जुटी हैं, वहीं लोगों को खुशी अपहरण कांड की याद भी आ रही है, जो अब तक नहीं सुलझ पाया है. लोग कहने लगे हैं कि देखते हैं कब तक बच्ची सही सलामत अपने घर आती है.
