पटना: नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है. इसी के साथ नई सरकार बनाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नया नेता चुन लिया गया है.

बीजेपी दफ्तर में अहम बैठक
वर्षों बाद बीजेपी का सपना सच होने जा रहा है. लंबे संघर्ष के बाद पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री बनने जा रहा है. पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बीजेपी दफ्तर में मौजूद हैं और विधान मंडल कल के तमाम नेता बैठक में हिस्सा ले रहे हैं.

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री भी मौजूद
भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेश कार्यालय में विधान मंडल दल की बैठक आयोजित की गई है और बैठक में विधायक के साथ-साथ विधान पार्षदों को भी आमंत्रित किया गया है. राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी प्रदेश कार्यालय में मौजूद हैं.



