पटना: बिहार लोक सेवा आयोग ने 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए बड़ी और बेहद अहम सूचना जारी की है. आयोग के मुताबिक 71वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा 25 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी. इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 1298 पदों पर नियुक्ति की जानी है, जिस कारण लाखों युवाओं की नजर इस परीक्षा पर टिकी हुई है.

17 अप्रैल डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार 17 अप्रैल 2026 से अपना ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड केवल ऑनलाइन मोड में उपलब्ध होगा और इसे आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर डाउनलोड करना होगा.

ऐसे करें एडमिट कार्ड डाउनलोड
आयोग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार अभ्यर्थी अपने यूजरनेम और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर डैशबोर्ड पर उपलब्ध “डाउनलोड एडमिट कार्ड” विकल्प के जरिए प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे. प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र का सेंटर कोड अंकित रहेगा. जबकि परीक्षा केंद्र की विस्तृत जानकारी 22 अप्रैल 2026 से डैशबोर्ड पर उपलब्ध करा दी जाएगी.

डाक से नहीं जाएगा एडमिट कार्ड
आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक के माध्यम से एडमिट कार्ड नहीं भेजा जाएगा. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसकी सभी जानकारियों का मिलान जरूर कर लें.

कार्ड की दो प्रति लाना जरूरी
मुख्य परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने कई जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं. सभी अभ्यर्थियों को ई एडमिट कार्ड की एक अतिरिक्त प्रति परीक्षा केंद्र पर साथ लेकर जाना होगा, जिस पर परीक्षा अवधि के दौरान वीक्षक के सामने हस्ताक्षर कर उसे जमा करना अनिवार्य होगा.

देर से आने पर नहीं मिलेगी एंट्री
इसके साथ ही प्रवेश पत्र में दिए गए समय के अनुसार ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. आयोग ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. ऐसे में परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि अंतिम समय की किसी भी परेशानी से बचा जा सके.

14261 अभ्यर्थी देंगे मुख्य परीक्षा
इस बार 71वीं BPSC परीक्षा को लेकर युवाओं में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली है. आयोग के आंकड़ों के अनुसार कुल 471012 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. जिनमें से 316762 उम्मीदवार प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए. इनमें से बेहतर प्रदर्शन के आधार पर केवल 14261 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया. अब यही 14,261 अभ्यर्थी 1298 पदों के लिए मुख्य परीक्षा में अपनी किस्मत आजमाएंगे.