सीवान : बिहार के सीवान जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। जीबी नगर थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दूल्हा बनने जा रहे एक युवक ने अपनी ही बुआ की निर्मम हत्या कर दी। इतना ही नहीं, खून का प्यासा बना यह युवक यहीं नहीं रुका, उसने बीच-बचाव करने आए अपने छह अन्य रिश्तेदारों को भी चाकू मारकर घायल कर दिया।

ज्वेलरी के ‘गिफ्ट’ ने ली जान
मिली जानकारी के अनुसार, घर में शादी की रस्में चल रही थीं और हर तरफ उल्लास का माहौल था। विवाद की शुरुआत तब हुई जब लड़की पक्ष को उपहार में दी जाने वाली ‘ज्वेलरी’ को लेकर घर के सदस्यों के बीच अनबन शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि दूल्हा बनने वाले युवक ने आपा खो दिया। उसने घर में रखे धारदार चाकू से अपनी ही सगी बुआ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बुआ की मौके पर ही मौत हो गई।

रिश्तेदारों को भी नहीं बख्शा
जब घर में चीख-पुकार मची, तो अन्य रिश्तेदार बीच-बचाव करने के लिए दौड़े। लेकिन सिर पर खून सवार युवक ने उन पर भी हमला बोल दिया। इस हिंसक वारदात में छह लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद से ही गांव में दहशत का माहौल है।

फरार आरोपी की तलाश तेज
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सूचना मिलते ही जीबी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अस्पताल जाकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह पारिवारिक कलह का मामला है और आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
