मुजफ्फरपुर: इंस्टाग्राम पर प्रेम हुआ, फिर दोनों ने गुजरात के सूरत में चोरी छिपे मंदिर में शादी कर ली। पति उसे सूरत से मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन लाया, फिर टेम्पो पर बैठा कर फरार हो गया। महिला जब अपने पति के घर पहुंची तो सुसराल वालों ने उसे रखने से इनकार कर दिया।

अब लड़की सुसराल में ही रहने की जिद पर अड़ी है। दरअसल पूरा मामला बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र के गोनाही गांव का है। युवती का कहना है कि गोनाही के युवक से इंस्टाग्राम पर उसका परिचय हुआ जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गया। दो साल से उनके बीच प्रेम संबंध चल रहा था।

इसी बीच युवती की शादी तय हो गई। यह बात जब उसके प्रेमी को पता चली तो उसने शादी करने के लिए उन्हें गुजरात के सूरत में बुलाया। इतना ही नहीं प्रेमी ने युवती से यह भी कहा कि अगर वो सूरत नहीं आएगी तो वो आत्महत्या कर लेगा। प्रेमी की बातों में आकर युवती ट्रेन से सूरत पहुंच गई। युवती के अनुसार, सूरत में 15 दिन पूर्व मंदिर में उन्होंने शादी रचाई। इसके बाद युवक ने उसे सूरत में गैस की किल्लत की जानकारी देकर कहा कि अब हम दूसरी जगह चलकर काम करेंगे। प्रेमिका से पत्नी बनी युवती को विश्वास में लेकर वो उसे ट्रेन से मुजफ्फरपुर लाया।

इसके बाद प्रेमी ने ऑटो रिक्शा चालक को अपने घर का पता देकर ऑटो में प्रेमिका को बैठाया और वो खुद गायब हो गया। जब वह युवक के घर पताही के गोनाही में बुधवार सुबह पहुंची तो हंगामा खड़ा हो गया। युवक के घर वालों ने उसे रखने से इनकार कर दिया, जबकि युवती यहीं रहने की जिद पर अड़ी है।

युवती अपने पति का नाम लड्डू बता रही है। युवती का यह भी कहना है कि अब वो किसी भी कीमत पर ससुराल में ही रहेगी। बहरहाल अब लोगों की भीड़ यहां जुटी हुई है। युवती शिवहर जिले के पिपराही क्षेत्र के उकना गांव की रहने वाली है। घटना को लेकर गांव में चर्चा का बाजार तेज है।


