मुजफ्फरपुर: ब्रह्मपुरा स्थित एशियन स्कूल के गेट पर बुधवार को शिक्षिकाओं के साथ मारपीट की घटना का वीडियो वायरल होने के संबंध में स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया है कि शिक्षिका अंकिता भारद्वाज व प्रिया कुमारी ने अपनी एक माह की सैलरी को लेकर हंगामा किया।

अपनी सहेली आराधना और असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर स्कूल के शिक्षकों के साथ मारपीट, छीना-झपटी की। इस संबंध में ब्रह्मपुरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बताया कि टीचर गाइडलाइन के अनुसार स्कूल छोड़ने को लेकर एक माह पूर्व सूचना देने का प्रावधान है। इसके बाद ही वे सैलरी का हकदार हैं।

दोनों शिक्षिकाओं ने मार्च में ड्यूटी की। अप्रैल में दो-चार दिन काम करने के बाद बिना सूचना के गायब रहीं। अप्रैल में उनकी सैलरी रोक दी गई। 18 अप्रैल को दोनों शिक्षिका स्कूल में आईं और अपनी सैलरी मांगने लगीं। जब उन्हें नियम बताया गया तो उसने पुलिस की 112 नंबर को कॉल का बुला लिया।

22 अप्रैल को दोनों शिक्षकाएं फिर से स्कूल आईं और अपनी सहेली व असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर शिक्षकों के साथ मारपीट की। दूसरी ओर शिक्षिका अंकिता भारद्वाज व प्रिया कुमारी ने बताया कि बीएड परीक्षा व पारिवारिक काम के कारण अप्रैल में वे दोनों कुछ ही दिन ड्यूटी पर आईं।

इसकी सूचना उन्होंने स्कूल प्रबंधन को दी थी। जब वे सैलरी लेने स्कूल में आईं तो उनलोगों की पिटाई कराई गई। दोनों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार होता था। अब उनपर चोरी व मारपीट का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। इसकी शिकायत वे वरीय पुलिस अधिकारी से करेंगी।


