मुजफ्फरपुर में पीट-पी’टकर ह’त्या मामले में 11 नामजद, 20 अज्ञात पर केस

मुजफ्फरपुर: मड़वापाकर पंचायत के चकमोगलानी गांव में राहुल साह की पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस ने 11 नामजद एवं 20 अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की है। राहुल के बहनोई सरैया थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर निवासी शत्रुघ्न साह के आवेदन पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

इसमें गांव के मो. फरमान, मो. साजिद, मो. बुधन, मिनाज खातून, मो. रफीक समेत 11 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 20 अज्ञात को भी आरोपित बनाया गया है। करीब 18 घंटे की मशक्कत और प्रशासनिक पहल के बाद गुरुवार सुबह परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। शत्रुघ्न साह ने पुलिस को बताया कि राहुल को चकमोगलानी गांव में चोर-चोर का हल्ला कर पकड़ लिया गया, रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

राहुल साह बीते माह मुंबई से घर लौटा था। मंगलवार को वह बड़े बहनोई शत्रुघ्न साह के साथ छोटे बहनोई के घर चकमोगलानी गांव आया था। देर रात भोजन करने के बाद वह टहलने निकला, तभी ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और बुरी तरह पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति में एसकेएमसीएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजन आक्रोशित हो गए। आरोपित के दरवाजे पर शव जलाने तथा 20 लाख रुपये मुआवजा की मांग पर अड़ गए। हालांकि, समझाने के बाद रमदौली स्थित गंडक नदी घाट पर राहुल का दाह संस्कार किया गया। पुत्र विवेक ने मुखाग्नि दी। इस दौरान ग्रामीण और पुलिस बल मौजूद रहे। घटना के बाद चकमोगलानी एवं कुकुड़िया गांव में तनाव बना हुआ है। गुरुवार को दाह संस्कार के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

गांव के कई लोग घरों में ताला लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है। सीओ अंकित कुमार की देखरेख में मजिस्ट्रेट के साथ पांच स्थानों पर पुलिस कैंप कर रही है। बीएमपी जवान लगातार गश्त कर रहे हैं।

सरैया थानेदार सह ट्रेनी आईपीएस प्रसन्ना कुमार एमवी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इधर, पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने गांव पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं, खुफिया विभाग भी पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading