सात साल फेसबुक पर बात, फिर फिलीपींस से सीधा मुंगेर आई सारा, ऋषि संग रचाई शादी

मुंगेर: मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के मिल्की टोला निवासी विजय शाह के पुत्र ऋषि कुमार ने फिलीपींस की सारा पाउलीन क्रूज केरीयेजा से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया।

सात साल पहले फेसबुक से हुई थी दोस्ती

जानकारी के अनुसार, ऋषि कुमार, जो वर्तमान में एशियन पेंट्स में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, की सात वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से सारा से दोस्ती हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती प्रेम में बदल गई। लंबे समय तक ऑनलाइन संपर्क में रहने के बाद दोनों ने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।

पंचवदन मंदिर में सात फेरे
इसके बाद सारा फिलीपींस से भारत पहुंचीं, जहां हवेली खड़गपुर स्थित पंचवदन मंदिर में भगवान शिव को साक्षी मानकर दोनों ने सात फेरे लिए और सात जन्मों तक साथ निभाने का वचन दिया। मंदिर के पुजारी ने पूरे विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया।

शादी देखने उमड़ी लोगों की भीड़
इस अनोखी शादी को देखने के लिए मंदिर परिसर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय स्तर पर यह विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है। ऋषि ने बताया कि उनके एक मित्र ने भी इसी मंदिर में विवाह किया था, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने यहां शादी करने का निर्णय लिया।

भारतीय परंपराओं को अपनाया सारा ने
विवाह के दौरान सारा ने भारतीय परंपराओं का पालन करते हुए वरमाला की रस्म निभाई और शादी के बाद पति के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। भारतीय संस्कृति और रीति-रिवाजों को लेकर सारा ने खुशी जाहिर की और पूरे समारोह का आनंद लिया।

परिवार में खुशी का माहौल, बहु-भोज का आयोजन
परिवार में इस विवाह को लेकर खुशी का माहौल है। नवविवाहित जोड़े के स्वागत में सोमवार को बहु-भोज का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें रिश्तेदारों और परिचितों को आमंत्रित किया गया है।बहरहाल, सोशल मीडिया से शुरू हुई यह प्रेम कहानी अब विवाह में बदलकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading