बिहार: बिहार के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम के बदले मिजाज और भारी वज्रपात (ठनका) ने भारी तबाही मचाई है. राज्य के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग झुलस गए हैं. ताजा मामला पूर्वी चंपारण के सुगौली का है. यहां कैथवलिया गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.

अचानक ही मौसम ने करवट बदली
इसके अलावा जिले के रामगढ़वा में भी ठनका गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर अचानक ही मौसम ने करवट बदली और तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरी. बताया जा रहा है कि जिस जगह बिजली गिरी, वहां कुछ बच्चे खेल रहे थे. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अलग-अलग हिस्सों से 4 बच्चों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं एक अन्य बच्चा बुरी तरह झुलस गया. घटना के बाद कैथवलिया में अफरा-तफरी मच गई. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे.

मृत बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
ग्रामीणों ने तुरंत घायल बच्चे को उठाया और सुगौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है. डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही सुगौली थाना प्रभारी अनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और दोनों मृत बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधा रहे हैं. प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची है. अंचल अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. सरकारी प्रावधान के तहत मृतक बच्चों के परिजनों को आपदा राहत कोष से मुआवजा दिया जाएगा. घायल बच्चे के इलाज में भी प्रशासन मदद करेगा.

मौसम विभाग ने चेताया
गौरतलब है कि मानसून के दौरान बिहार में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. मौसम विभाग ने पहले ही लोगों को खुले में न रहने और पेड़ के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और वज्रपात के दौरान खेत, मैदान या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचना चाहिए.
गयाजी में तीन की मौत
दूसरी ओर गयाजी में भी आकाशीय बिजली गिरने से तीन युवकों की मौत हो गई है. तीनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, घटना गया के शेरघाटी स्थित जोगापुर में हुई है.मृतकों की पहचान राजेंद्र मांझी के बेटा गौतम कुमार, संदीप कुमार और सुरेंद्र मांझी के बेटे तिलकश्वर कुमार के रूप में हुई है, इन तीनों की उम्र 15 से 16 वर्ष के बीच की है.

गंभीर रूप से झुलसे युवक
जोगापुर गांव के लोगों के अनुसार तीनों बगीचे में गए थे. तब हल्की हवा चल रही थी लेकिन फिर इस दौरान तेज आंधी चलने लगी और गरज के साथ बिजली चमकने लगी. इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी जिसकी जद में तीनों लड़के आ गए और वहीं गंभीर रूप से झुलस गए. स्थानीय लोगों के अनुसार पूरे घटना के चश्मदीद युवक ने तुरंत गांव के लोगों शोर मचाते हुए सूचना दी. परिजन व स्थानीय लोगों के पहुंचने तक तीनों लड़कों की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसर गया है.
परिवार को मुआवजा देने की अपील
सूचना मिलने के बाद शेरघाटी विधायक उदय कुमार भी अस्पताल पहुंचे.उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों से बात कर मृतकों के परिवार के लोगों को मुआवजा देने की मांग की. विधायक ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि घटना की सूचना से वो भी दुखी हैं. परिवार की दुख की इस घड़ी में वो साथ खड़े हैं.