मुजफ्फरपुर: बाढ़ की विभीषिका से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए उम्मीद फाउंडेशन ट्रस्ट, मुजफ्फरपुर द्वारा मंगलवार को रेवा रोड स्थित मकेर–पुरुषोत्तमपुर गांव में विशेष राहत एवं निःशुल्क भोजन सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 2,500 से 3,000 बाढ़ पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों के बीच चावल, दाल, सब्जी और अचार सहित पौष्टिक भोजन का वितरण किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत उम्मीद फाउंडेशन के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता द्वारा पूजा-अर्चना के बाद की गई। राहत एवं भोजन सेवा के दौरान ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में काफी खुशी देखने को मिली। ग्रामीणों ने उम्मीद फाउंडेशन की सेवा भावना की जमकर सराहना की।


ग्रामीणों ने भावुक होकर बताया कि बाढ़ के कारण उत्पन्न कठिन परिस्थितियों के बीच कई परिवारों को दो दिनों के बाद आज भरपेट भोजन नसीब हुआ है। लोगों ने भोजन की गुणवत्ता और स्वाद की भी काफी प्रशंसा की तथा उम्मीद फाउंडेशन की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता ने कहा कि “उम्मीद फाउंडेशन केवल आयोजन करने वाली संस्था नहीं, बल्कि जरूरत के समय जरूरतमंदों के साथ खड़े रहने का संकल्प लेकर चल रही संस्था है। जहां भी जरूरत होगी, हमारी टीम अपनी क्षमता के अनुसार सेवा के लिए तत्पर रहेगी।”


उन्होंने कहा कि हाल ही में नेपाल में आई बाढ़ एवं आपदा के दौरान भी उम्मीद फाउंडेशन की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं भोजन सेवा का कार्य किया था। नेपाल में भी जरूरतमंद परिवारों के बीच भोजन, राहत सामग्री, कंबल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण कर संस्था ने सेवा का प्रयास किया। उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी लगातार राहत कार्य किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि उम्मीद फाउंडेशन का उद्देश्य सेवा, शिक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना है। आपदा हो, बाढ़ हो या कोई अन्य कठिन परिस्थिति—जरूरत पड़ने पर संस्था अपनी टीम के साथ हर संभव स्थान पर सेवा कार्य करती रहेगी।

इस आयोजन को सफल बनाने में उम्मीद फाउंडेशन के संगठन मंत्री सलीम हुसैन, उपाध्यक्ष प्रतीक कुमार, सलाहकार फैजान सिद्दीकी, संजय कुमार, चंदन कुमार, सन्नी राजभूषण, रवि चौहान, बिरजू कुमार, सन्नी कुमार, अब्दुल हुसैन एवं एमडी आरसी सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

विशेष रूप से प्रतीक कुमार एवं सलीम हुसैन ने सुबह लगभग 4 बजे से भोजन तैयार कराने में सहयोग करते हुए पूरे आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के अन्य सदस्यों ने भोजन निर्माण, व्यवस्था, वितरण एवं जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने में अपना योगदान दिया।

उम्मीद फाउंडेशन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि “उम्मीद सिर्फ एक नाम नहीं, एक सोच है—सेवा हमारी पहचान, शिक्षा हमारा संकल्प और संस्कार हमारी ताकत।”