पटना : त्योहारों से पहले बिहार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार एक्टिव मोड में दिखाई दे रहे हैं. उनके निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है. आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए राज्यभर में रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है.

पटना के डोसा रेस्तरां में मिली कई खामियां
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फ्रेजर रोड स्थित डोसा के लिए चर्चित एक रेस्तरां का निरीक्षण किया. जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े कई मानकों का पालन नहीं पाया गया. निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार, रेस्तरां को कुल 112 में 63 अंक, यानी करीब 57 प्रतिशत मिले. निरीक्षण का अंतिम परिणाम Non-Compliance दर्ज किया गया. इसके बाद प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के लिए निर्देश जारी किए गए.

स्टोरेज से लेकर वेंटिलेशन तक कई कमियां
जांच के दौरान खाद्य पदार्थों और पैकेजिंग सामग्री के उचित भंडारण, पर्याप्त वेंटिलेशन, उपकरणों की उपयुक्तता, फर्श की स्थिति और दीवारों-छत की स्थिति में कमियां पाई गईं. पेयजल से संबंधित जरूरी रिकॉर्ड में भी कमी सामने आई. निरीक्षण में कच्चे माल की सफाई, खाद्य उपकरणों, कटलरी और क्रॉकरी की स्वच्छता में भी खामियां मिलीं. खाद्य पदार्थों के सुरक्षित परिवहन और पोर्शनिंग के दौरान स्वच्छता संबंधी मानकों का भी पूरी तरह पालन नहीं पाया गया.

FIFO और FEFO व्यवस्था में भी लापरवाही
रेस्तरां में आने वाली खाद्य सामग्री के रिकॉर्ड और FIFO तथा FEFO व्यवस्था के उचित अनुपालन में भी कमी मिली. विभाग ने खाद्य सामग्री के भंडारण और इस्तेमाल में इन नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है. प्रतिष्ठान संचालक को पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र समेत जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. खाद्य संचालकों के वार्षिक मेडिकल परीक्षण और टीकाकरण से जुड़े रिकॉर्ड भी प्रस्तुत करने को कहा गया है.

उपकरणों की कैलिब्रेशन भी नहीं मिली दुरुस्त
निरीक्षण के दौरान मापने और निगरानी करने वाले उपकरणों का निर्धारित समय पर कैलिब्रेशन नहीं कराया जाना भी सामने आया. विभाग ने रखरखाव और स्वच्छता से जुड़े मानकों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया. खाद्य सुरक्षा विभाग ने FSSR, 2011 के प्रावधानों के तहत 14 दिनों के भीतर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. सुधार नोटिस प्राप्त होने तक प्रतिष्ठान को बंद रखने और खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है.

राज्यभर में जारी रहेगा खाद्य सुरक्षा अभियान
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर राज्यभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी, निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और प्रयोगशाला जांच की कार्रवाई जारी रहेगी. विभाग ने खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है.
